आगामी 3 जुलाई से शुरू होने वाली अमरनाथ यात्रा के लिए सुरक्षा के अभूतपूर्व इंतजाम किए गए हैं. तीर्थयात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए केंद्रीय गृह मंत्रालय ने जम्मू-कश्मीर में 70 हजार अतिरिक्त जवानों की तैनाती की है. यात्रा मार्ग पर जम्मू-कश्मीर पुलिस के साथ सीआरपीएफ, बीएसएफ, आईटीबीपी और भारतीय सेना के जवान मोर्चा संभाल रहे हैं. आपात स्थिति से निपटने के लिए बेस कैंप में एनएसजी कमांडो और सुरक्षाबलों द्वारा लगातार मॉक ड्रिल की जा रही है. सुरक्षा को और पुख्ता करने के लिए इस बार तकनीक का भी सहारा लिया जा रहा है. मार्ग में सेवा देने वाले गाइड, पालकी संचालक, घोड़े वालों और दुकानदारों के लिए विशेष क्यूआर कोड आधारित डिजिटल पहचान पत्र जारी किए गए हैं. यात्रा 28 अगस्त तक चलेगी और अब तक साढ़े तीन लाख से ज्यादा श्रद्धालु अपना पंजीकरण करा चुके हैं. चप्पे-चप्पे पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जा रही है ताकि श्रद्धालु सुरक्षित और निर्भय होकर बाबा बर्फानी के दर्शन कर सकें.