उत्तर भारत के पहाड़ी राज्यों में अप्रैल के महीने में मौसम का अनोखा रूप देखने को मिल रहा है. जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के ऊंचे इलाकों में भारी बर्फबारी हुई है, जिससे अप्रैल में ही दिसंबर-जनवरी जैसी ठंड का एहसास हो रहा है. सिक्किम के लाचेन में भारी हिमपात और लैंडस्लाइड के कारण फंसे 135 पर्यटकों को भारतीय सेना ने 'ऑपरेशन हिम सेतु' चलाकर सुरक्षित निकाला. उत्तराखंड में चारधाम यात्रा की तैयारियों के बीच केदारनाथ धाम 5 फीट बर्फ की चादर से ढका हुआ है. वहीं, कश्मीर के गुलमर्ग और सोनमर्ग में ऑफ-सीजन बर्फबारी ने पर्यटन को नया जीवन दिया है. मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से अगले कुछ दिनों तक पहाड़ों में बर्फबारी और मैदानी इलाकों में बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है.