अयोध्या में दीपोत्सव के 10वें संस्करण का भव्य शुभारंभ हुआ, जिसे लेकर पूरी राम नगरी को दुल्हन की तरह सजाया गया है. इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और राज्यपाल आनंदीबेन पटेल उपस्थित रहे. कार्यक्रम के दौरान 14 वर्ष के वनवास के बाद प्रभु श्री राम, माता सीता और लक्ष्मण के अयोध्या आगमन के पौराणिक प्रसंग का मंचन किया गया, जिसके तहत भरत मिलाप और भगवान राम का राजतिलक संपन्न हुआ. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने मंच पर प्रभु श्री राम का राजतिलक किया. कार्यक्रम के तहत 2100 बटुकों द्वारा सरयू महाआरती की तैयारी की गई है तथा 2100 ड्रोन कैमरों के माध्यम से आसमान में रामायण और रामकथा की प्रस्तुतियां दी जाएंगी. इसके अतिरिक्त 21 शोभा यात्रा झांकियां निकाली गईं और सरयू नदी के 56 घाटों पर 30 लाख दीप प्रज्वलित कर नया विश्व रिकॉर्ड स्थापित करने की भव्य तैयारी पूरी की गई है.