ज्येष्ठ माह के बड़े मंगलवार को देशभर में बजरंगबली के भक्तों में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है. उत्तर प्रदेश, दिल्ली, मध्य प्रदेश, राजस्थान और बिहार के हनुमान मंदिरों में सुबह से ही भक्तों की लंबी कतारें लगी हैं. लखनऊ के हनुमान सेतु और अलीगंज मंदिर से लेकर अयोध्या की हनुमान गढ़ी और प्रयागराज के लेटे हुए हनुमान मंदिर तक, हर जगह सुंदरकांड और हनुमान चालीसा का पाठ हो रहा है. जगह-जगह विशाल भंडारों का आयोजन किया जा रहा है. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, ज्येष्ठ माह के मंगलवार को ही भगवान राम और हनुमान जी का पहली बार मिलन हुआ था. इस दिन हनुमान जी को सिंदूर और चमेली के तेल का चोला चढ़ाने का विशेष विधान है.