मध्य प्रदेश के बालाघाट में नक्सलवाद के खात्मे के बाद पुलिस ने 'ऑपरेशन विद्यांजलि' के तहत एक नई मिसाल पेश की है. इलाके के एसपी आदित्य मिश्रा की पहल पर पुलिस के जवानों और अधिकारियों ने हाथों में पेंट, ब्रश और औजार लेकर करीब 300 स्कूलों की तस्वीर बदल दी. एसपी आदित्य मिश्रा ने कहा कि हथियारों की लड़ाई जीत ली गई है और अब कोई हथियारबंद माओवादी क्षेत्र में नहीं है, लेकिन भविष्य में ऐसी उग्रवादी सोच से निपटने का सबसे कारगर माध्यम शिक्षा ही है. 2 जनवरी 2026 से शुरू हुई इस मुहिम में 26 थानों और 60 पुलिस चौकियों की टीमों ने समाज और ग्रामीणों के साथ मिलकर जर्जर स्कूलों का कायाकल्प किया. हॉक फोर्स, सीआरपीएफ और कोबरा के सहयोग से सुरक्षित हुए इस इलाके में पुलिस अब बच्चों को स्मार्ट क्लास और तकनीक से जोड़ने की दिशा में कार्य कर रही है.