देशभर में इन दिनों आस्था और लोकपर्वों की धूम है। तमिलनाडु के मदुरै में भव्य चिथराई उत्सव मनाया जा रहा है, जहां देवी मीनाक्षी और भगवान सुंदरेश्वर के विवाह के बाद विशाल रथयात्रा निकाली गई। वहीं, उत्तराखंड में 28 दिनों तक चलने वाली विश्वनाथ जगदीशला डोली यात्रा का हरिद्वार से शुभारंभ हो गया है, जो 13 जिलों से होकर गुजरेगी। इसके अलावा, वैशाख शुक्ल चतुर्दशी के अवसर पर जोशीमठ के प्राचीन नरसिंह मंदिर में भगवान नरसिंह का प्राकट्य उत्सव बेहद धूमधाम से मनाया जा रहा है। दूसरी ओर, उत्तराखंड में चारधाम यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। कपाट खुलने के बाद से अब तक केदारनाथ धाम में 2 लाख से अधिक और पूरी चारधाम यात्रा में 3 लाख से ज्यादा तीर्थयात्री दर्शन कर चुके हैं। प्रशासन ने यात्रियों की सुविधा के लिए पुख्ता इंतजाम किए हैं।