देश के कई राज्यों में मानसून सक्रिय हो गया है. दिल्ली-एनसीआर से लेकर राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, महाराष्ट्र और गुजरात में बारिश का सिलसिला जारी है. दिल्ली में इंडिया गेट, कनॉट प्लेस और कर्तव्य पथ पर लोग बारिश के दौरान पहुंच रहे हैं. मौसम विभाग (IMD) ने दिल्ली में 8 से 13 जुलाई तक हल्की से मध्यम बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है. हालांकि, दिल्ली के कुछ हिस्सों और गुरुग्राम में जलभराव व ट्रैफिक जाम की समस्या बनी हुई है, जबकि मिंटो ब्रिज पर प्रशासन ने सुरक्षा के इंतजाम किए हैं. राजस्थान के जयपुर में बारिश के बाद पर्यटकों की संख्या में वृद्धि हुई है. उधर, पंजाब और हरियाणा के लिए भी तेज बारिश का अलर्ट है. महाराष्ट्र के मुंबई में भारी बारिश के कारण रेड अलर्ट जारी किया गया है, जिसके चलते स्कूल-कॉलेज बंद हैं .