दिल्ली में महिलाओं की सुरक्षा को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से दिल्ली पुलिस ने 'Pink Force' पहल के तहत गश्त और निगरानी बढ़ा दी है. पिंक स्कूटी पर तैनात महिला पुलिसकर्मी कॉलेजों, स्कूलों, पार्कों और संवेदनशील इलाकों में नियमित पेट्रोलिंग कर रही हैं. लेडी श्री राम कॉलेज और पीजीडीएवी कॉलेज जैसे प्रमुख संस्थानों के बाहर पिंक बूथ स्थापित किए गए हैं, जहां छात्राएं और महिलाएं बिना किसी हिचक के अपनी समस्याएं साझा कर सकती हैं. इसके अलावा दिल्ली पुलिस की शिष्टाचार स्क्वॉड और महिला पीसीआर वैन भी भीड़भाड़ वाले और सुनसान इलाकों में तैनात हैं. यदि कोई महिला थाने या बूथ तक नहीं पहुंच पाती, तो पुलिसकर्मी उनके घर जाकर भी सहायता प्रदान करते हैं. आपात स्थिति के लिए 112, 1091, 181 और तत्पर ऐप जैसे माध्यम उपलब्ध कराए गए हैं. मासिक हॉटस्पॉट मैपिंग के जरिए अपराध संभावित क्षेत्रों की पहचान कर सुरक्षा व्यवस्था को कड़ा किया जा रहा है.