देशभर में गणेश उत्सव पूरे उल्लास और आस्था के साथ मनाया जा रहा है. मुंबई के लालबाग के राजा दरबार में दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भारी कतारें लगी हैं, वहीं काशी में भी लालबाग के राजा की 6 फीट की भव्य रेप्लिका स्थापित की गई है. मुंबई के उपनगर में भगवान गणेश की 43 फीट ऊंची प्रतिमा स्थापित हुई. पुणे में 21 हजार पानीपूरी शेल से बप्पा की 13 फीट ऊंची मूर्ति बनाई गई. सूरत में जलमग्न द्वारका थीम और तापी नदी के बीच तैरते मंडप में बप्पा विराजे. ओडिशा के गजपति में सिक्कों और चॉकलेट से तथा चंद्रपुर में बांस से गणेश प्रतिमा बनाई गई. छत्तीसगढ़ के भिलाई में 101 इको-फ्रेंडली प्रतिमाएं स्थापित की गईं. बॉलीवुड हस्तियों जैसे कृति सेनन, सोनाली बेंद्रे, शिल्पा शेट्टी, गोविंदा, गुरमीत चौधरी और अंबानी परिवार ने भी गणपति पूजा और विसर्जन में भाग लिया.