गणेशोत्सव के दस दिनों के बाद अनंत चतुर्दशी पर भगवान गणेश की प्रतिमाओं के विसर्जन की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। मुंबई के गिरगांव चौपाटी पर सुरक्षा के लिए एआई आधारित सीसीटीवी कैमरे, वॉच टॉवर और अस्थायी तालाब बनाए गए हैं। महाराष्ट्र के चंद्रपुर में पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए 800 वर्ग मीटर क्षेत्र में 30 लाख लीटर पानी की क्षमता वाला विशेष विसर्जन कुंड तैयार किया गया है। उत्तर प्रदेश के झांसी में भी धूमधाम से विसर्जन शोभायात्रा निकाली जा रही है। वहीं, दिल्ली सरकार ने यमुना को प्रदूषण से बचाने के उद्देश्य से 81 स्थानों पर कृत्रिम तालाब तैयार किए हैं। इसके साथ ही पुरानी और खंडित मूर्तियों तथा पूजा सामग्री के सम्मानजनक निस्तारण के लिए 110 विशेष संग्रह केंद्र बनाए गए हैं। विसर्जन के दौरान सुरक्षा, यातायात और स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।