30 जुलाई से सावन महीने की शुरुआत के साथ ही कांवड़ यात्रा शुरू होने जा रही है. उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, बिहार और झारखंड समेत कई राज्यों में इसकी तैयारियां जोरों पर हैं. यूपी में प्रशासन ने कांवड़ यात्रा के दौरान डीजे की अधिकतम ऊंचाई 12 फीट, चौड़ाई 10 फीट और आवाज 75 डेसिबल तय की है. अश्लील या भड़काऊ गानों पर पूरी तरह पाबंदी लगाई गई है और डीजे संचालकों को गानों की पेन ड्राइव पहले ही थाने में जमा करनी होगी. नियमों का उल्लंघन करने पर डीजे सीज करने और एफआईआर दर्ज करने के निर्देश हैं. कांवड़ शिविरों में सीसीटीवी कैमरे लगाना अनिवार्य किया गया है और भोजन में लहसुन-प्याज का इस्तेमाल नहीं होगा.