कश्मीर की वादियों में मार्च के महीने में बसंत का आगमन हो चुका है। श्रीनगर का प्रसिद्ध बादामबारी उद्यान सफेद और गुलाबी फूलों से सज गया है, जहां हजारों पर्यटक पहुंच रहे हैं। हरि पर्वत की तलहटी में स्थित इस उद्यान में बादाम के पेड़ों पर खिले फूल दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर रहे हैं। वहीं जबरवान पहाड़ियों की तलहटी में स्थित एशिया का सबसे बड़ा ट्यूलिप गार्डन 16 मार्च से आम जनता के लिए खोला जाएगा। इस बार करीब 70 से 75 किस्मों के लगभग 18 लाख ट्यूलिप यहां खिलेंगे। जम्मू कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला इस ट्यूलिप फेस्टिवल का उद्घाटन करेंगे। मार्च में ताजा बर्फबारी ने पहाड़ों को सफेद चादर से ढंक दिया है। डल झील में शिकारे सज गए हैं और सैलानियों की आमद शुरू हो गई है। हालांकि विशेषज्ञों का कहना है कि समय से पहले फूलों का खिलना जलवायु परिवर्तन की ओर इशारा करता है।