जीएनटी स्पेशल के इस खास एपिसोड में जानिए बाबा केदारनाथ धाम के उन रहस्यों और चमत्कारों के बारे में, जो इसे अद्वितीय बनाते हैं। आदिगुरु शंकराचार्य ने महज 32 वर्ष की आयु में यहीं महासमाधि ली थी और सदियों से उपेक्षित पड़े इस मंदिर का जीर्णोद्धार करवाया था। मंदिर के ठीक पीछे मौजूद उनकी समाधि आज भी भक्तों के लिए आस्था का बड़ा केंद्र है। इसके अलावा, 2013 की विनाशकारी जल प्रलय में मंदिर की रक्षा करने वाली चमत्कारी 'भीम शिला' का रहस्य भी विज्ञान और आस्था का अद्भुत संगम है। बिना सीमेंट के इंटरलॉकिंग तकनीक से बना यह मंदिर बड़े से बड़े भूकंप को झेलने में सक्षम है। इस साल केदारनाथ यात्रा ने अपने पिछले सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। कपाट खुलने के महज एक महीने के भीतर साढ़े सात लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने बाबा केदार के दर्शन कर एक नया ऐतिहासिक रिकॉर्ड स्थापित किया है।