देशभर में महालया के साथ पितृपक्ष का समापन और शारदीय नवरात्र की तैयारियां शुरू हो गई हैं। महालया के दिन गंगा घाटों पर तर्पण और पिंडदान के साथ ही मूर्तिकारों द्वारा मां दुर्गा की प्रतिमाओं के चक्षु दान की परंपरा निभाई जा रही है। 11 अक्टूबर से शुरू हो रहे शक्ति उत्सव के तहत घट स्थापना के लिए सुबह 6:32 से 10:26 बजे और अभिजीत मुहूर्त सुबह 10:51 से दोपहर 1:09 बजे तक का समय रहेगा। इस दौरान देश के विभिन्न शहरों में रामलीला मंचन की तैयारियां भी जोरों पर हैं। हरियाणा के अंबाला में स्थानीय कलाकारों द्वारा रामलीला शुरू हो चुकी है, जबकि दिल्ली के श्रीराम भारतीय कला केंद्र में डांस-ड्रामा शैली में मंचन का पूर्वाभ्यास चल रहा है। इसके साथ ही दिल्ली के द्वारका में विजयदशमी के लिए 221 फीट ऊंचे रावण का विशाल पुतला तैयार किया जा रहा है।