नवरात्रि के पावन पर्व को लेकर देशभर में गरबा और डांडिया नाइट्स की तैयारियां जोरों पर हैं. गुजरात के वड़ोदरा में वड़ोदरा महानगर पालिका द्वारा 'विकसित भारत संकल्प गरबा' थीम पर भव्य प्री-गरबा कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें प्रसिद्ध गायक अतुल पुरोहित की धुनों पर हजारों लोग झूमे. वहीं मुंबई के बोरीवली, उत्तर प्रदेश के झांसी और राजस्थान के पाली जैसे शहरों में महिलाएं व युवा गरबा के पारंपरिक और आधुनिक स्टेप्स सीखने में जुटे हैं. बाजारों में चनिया चोली, केड़िया, पगड़ी और पारंपरिक आभूषणों की मांग काफी बढ़ गई है. गुजरात के सुरेंद्रनगर से तैयार पारंपरिक परिधानों की आपूर्ति देश-विदेश में हो रही है. इस बार गरबा महोत्सव में परंपरा, उत्साह और भक्ति का अनोखा संगम देखने को मिल रहा है.