नोएडा के जिला कारागार गौतम बुद्ध नगर में कैदियों ने स्वतंत्रता दिवस का पर्व बड़े उत्साह और राष्ट्रभक्ति के साथ मनाया. स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जेल परिसर में तिरंगा फहराया गया और कैदियों ने 'भारत माता की जय' के नारे लगाए. इस दौरान जेल के बंदियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी, जिसमें देशभक्ति के गीत और नाटक शामिल रहे. कार्यक्रमों की तैयारी कैदियों द्वारा कई दिनों से की जा रही थी. जेल प्रशासन की ओर से इस विशेष दिन पर कैदियों के लिए विशेष भोजन की व्यवस्था की गई, जिसमें मिष्ठान वितरण के साथ पूरी, सब्जी और खीर शामिल थी. जेल अधिकारियों के अनुसार कारागार को अब सुधारात्मक गृह के रूप में स्थापित किया जा रहा है, जहां कौशल विकास और सांस्कृतिक गतिविधियों के माध्यम से बंदियों में सकारात्मक बदलाव लाने का प्रयास किया जाता है.