गुजरात के वेरावल में स्थित प्रथम ज्योतिर्लिंग सोमनाथ मंदिर के पुनर्निर्माण के 75 वर्ष पूर्ण होने पर 'सोमनाथ अमृत महोत्सव' का भव्य आयोजन किया गया. इस ऐतिहासिक अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमनाथ पहुंचकर भगवान शिव की विशेष पूजा-अर्चना, रुद्राभिषेक और जलाभिषेक किया. कार्यक्रम की शुरुआत में पीएम मोदी ने हेलीपैड से मंदिर तक दो किलोमीटर लंबा रोड शो किया, जिसमें मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल भी शामिल रहे. उन्होंने सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा पर पुष्पांजलि भी अर्पित की. महोत्सव का मुख्य आकर्षण मंदिर के 90 मीटर ऊंचे शिखर पर हुआ 'कुंभाभिषेक' रहा, जिसमें क्रेन की सहायता से 11 पवित्र तीर्थों के जल से अभिषेक किया गया. इस दौरान भारतीय वायुसेना की सूर्य किरण टीम ने 15 मिनट का एयरोबेटिक एयर शो प्रस्तुत किया और चेतक हेलीकॉप्टर से मंदिर परिसर पर पुष्प वर्षा की गई. ज्ञात हो कि 11 मई 1951 को तत्कालीन राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद ने इस मंदिर में शिवलिंग की प्राण प्रतिष्ठा की थी, जिसके आज 75 वर्ष पूरे हुए हैं.