उत्तर भारत समेत देश के कई राज्यों में इन दिनों भीषण गर्मी का प्रकोप देखने को मिल रहा है। राजस्थान, उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली और जम्मू-कश्मीर तक लोग तपती गर्मी और लू से बेहाल हैं। उत्तर प्रदेश के बांदा में तापमान 48.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, जिससे यह देश का सबसे गर्म शहर बन गया है। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले कुछ दिनों तक मैदानी इलाकों में गर्मी से राहत मिलने की कोई उम्मीद नहीं है। दिल्ली में लोगों को गर्मी से बचाने के लिए सरकार ने सड़कों पर मोबाइल हीट रिलीफ वैन उतारी हैं, जहां लोगों को ओआरएस, पानी और गमछा दिया जा रहा है। वहीं, भीषण गर्मी को देखते हुए वाराणसी और गया के मंदिरों में भगवान को गर्मी से बचाने के लिए एसी और कूलर लगाए गए हैं। इतनी तेज गर्मी के बावजूद अयोध्या और कटरा स्थित वैष्णो देवी में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है, जहां प्रशासन ने बचाव के पुख्ता इंतजाम किए हैं।