गुजरात के ऐतिहासिक सोमनाथ मंदिर के पुनर्निर्माण और लोकार्पण के 75 साल पूरे होने जा रहे हैं। 11 मई 1951 को देश के पहले राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद ने इस भव्य मंदिर का लोकार्पण किया था। इस ऐतिहासिक अवसर को मनाने के लिए सोमनाथ धाम में अमृत महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। 11 मई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस भव्य समारोह में शामिल होंगे। पीएम मोदी मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना करेंगे और एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके साथ ही हेलीपैड से मंदिर तक उनका एक भव्य रोड शो और एयर शो भी आयोजित किया जाएगा। आजादी के बाद सरदार वल्लभभाई पटेल ने इस मंदिर के पुनर्निर्माण का संकल्प लिया था। विदेशी आक्रांताओं, विशेषकर महमूद गजनवी द्वारा नष्ट किए जाने के बावजूद, यह मंदिर हर बार और अधिक भव्यता के साथ खड़ा हुआ। पीएम मोदी ने एक लेख में लिखा, 'सोमनाथ केवल एक मंदिर नहीं हमारी सभ्यता का अटूट संकल्प है।' यह महोत्सव सनातन धर्म की आस्था और भारत के गौरवशाली इतिहास का प्रतीक है।