गुड न्यूज टुडे की इस खास पेशकश में मनीषा झा सोशल मीडिया पर वायरल वर्दी वालों की उन कहानियों को लेकर आई हैं, जो दिल छू लेती हैं। महाराष्ट्र के सोलापुर के रहने वाले मंगेश शिंदे जब मुंबई पुलिस की पासिंग आउट परेड में शामिल हुए, तो उन्होंने अपना पहला सलाम अपने बड़े भाई व्यंकटेश शिंदे को दिया, जो खुद एक फॉरेस्ट गार्ड हैं। इस भावुक पल ने करोड़ों लोगों की आंखें नम कर दीं। वहीं, लखनऊ के हजरतगंज चौराहे पर ड्यूटी के साथ ममता का फर्ज निभाती एक महिला पुलिसकर्मी और संभल की सब-इंस्पेक्टर अपर्णा बंसल की कहानी भी दिखाई गई, जो अपनी 4 साल की बेटी को रोता छोड़ ड्यूटी पर तैनात रहती हैं। कार्यक्रम में जोधपुर की SP PD नित्या के उस बड़प्पन का भी जिक्र है, जिन्होंने परेड के दौरान अपने लिए बिछाई गई ऊंची चौकी को हटाकर जवानों के साथ जमीन पर खड़े होकर सलामी ली। इसके अलावा, रामपुर के SP विद्यासागर मिश्र की भावुक विदाई और IPS अधिकारी केके बिश्नोई और अंशिका वर्मा की शादी की झलकियां भी इस बुलेटिन का हिस्सा हैं।