बंगाल की खाड़ी में बने डीप डिप्रेशन और पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से देश के कई हिस्सों में मौसम में बड़ा बदलाव देखा गया है। पहाड़ों पर बर्फबारी और मैदानी इलाकों में मूसलाधार बारिश के चलते तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई। छत्तीसगढ़ के बस्तर में इंद्रावती नदी में आई बाढ़ के कारण भारतीय वायुसेना ने हेलिकॉप्टरों से रेस्क्यू अभियान चलाकर लोगों को सुरक्षित निकाला। वहीं, उत्तराखंड के उत्तरकाशी में भारी बर्फबारी के बीच फंसे 136 ट्रैकर्स और केदारनाथ मार्ग पर भूस्खलन में फंसे करीब 1500 श्रद्धालुओं को प्रशासन और एसडीआरएफ-एनडीआरएफ की टीमों ने सुरक्षित निकाला। नेपाल में भारी बारिश के चलते गंडक नदी का जलस्तर बढ़ गया, जिससे बिहार के वाल्मीकि नगर और पश्चिम चंपारण में बाढ़ की स्थिति पैदा हो गई। दिल्ली-एनसीआर में भी बारिश और ठंडी हवाओं के चलते न्यूनतम तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई।