छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र के बाद गुजरात सरकार के स्वास्थ्य विभाग ने भी राज्य में एनालॉग पनीर, चीज़ और बटर के उत्पादन, भंडारण, वितरण, परिवहन और बिक्री पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया है. खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा जांच में अनियमितताएं मिलने के बाद यह फैसला लिया गया है. नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा कानून के तहत छह महीने की जेल, जुर्माना और लाइसेंस रद्द करने की कार्रवाई का प्रावधान है. असली पनीर दूध से बनता है, जबकि एनालॉग पनीर में वेजिटेबल ऑयल और अन्य फैट्स मिलाए जाते हैं. उधर, हैदराबाद में बच्चों के लिए 'छोटा भीम' थीम आधारित एक विशेष कैफे शुरू किया गया है, जहां बच्चे स्वयं पिज्जा और विभिन्न व्यंजन बनाना सीख रहे हैं. इसके अलावा, महाराष्ट्र में आगामी गणेश उत्सव की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं. नागपुर और अमरावती में मूर्तिकार पर्यावरण के अनुकूल इको-फ्रेंडली गणपति प्रतिमाएं तैयार कर रहे हैं, वहीं पुणे में प्रतिमाओं के लिए पारंपरिक मराठी फेटा बनाने का काम जारी है.