प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सेंट्रल विस्टा प्रोजेक्ट के तहत बने अपने नए कार्यालय 'सेवा तीर्थ' और 'कर्तव्य भवन' का उद्घाटन करेंगे, जिसके बाद प्रधानमंत्री कार्यालय दशकों पुराने साउथ ब्लॉक से स्थानांतरित हो जाएगा. इसके अलावा, 14 फरवरी को प्रधानमंत्री असम के डिब्रूगढ़ में देश की पहली नागरिक और सैन्य उपयोग वाली इमरजेंसी लैंडिंग फैसिलिटी का भी शुभारंभ करेंगे, जहां वायुसेना के राफेल और सुखोई जैसे लड़ाकू विमान अपनी क्षमता का प्रदर्शन करेंगे. दूसरी ओर, देशभर में महाशिवरात्रि पर्व की तैयारियां जोरों पर हैं. उज्जैन के महाकाल मंदिर में शिव नवरात्र के दौरान भगवान का 'उमा महेश' स्वरूप में श्रृंगार किया गया, जबकि काशी विश्वनाथ धाम में 10 लाख श्रद्धालुओं के आने की उम्मीद है, जिसके लिए कड़े सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं. सोमनाथ में भी एक विशेष महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है. वहीं, उत्तराखंड के औली में चार साल बाद नेशनल स्कीइंग चैंपियनशिप और विंटर कार्निवल का भी आगाज हो गया है, जिसमें 17 राज्यों की टीमें हिस्सा ले रही हैं.