गुड न्यूज़ टुडे के खास कार्यक्रम 'प्रार्थना हो स्वीकार' में वैशाख अमावस्या के महत्व और इस दिन किए जाने वाले विशेष उपायों पर विस्तार से चर्चा की गई. मान्यता है कि वैशाख अमावस्या के दिन पवित्र नदियों में स्नान करने और जरूरतमंदों को दान देने से पाप कर्मों से मुक्ति मिलती है और जीवन में सुख-समृद्धि आती है. कार्यक्रम में बताया गया कि जो लोग पितृ दोष से पीड़ित हैं, उन्हें इस दिन स्नान के बाद पितरों के निमित्त तिल युक्त जल और दूध से तर्पण करना चाहिए. इससे पितृ प्रसन्न होकर आशीर्वाद देते हैं. इसके अलावा, इस दिन अन्न, वस्त्र, काले तिल, छाता और जूते-चप्पलों का दान करना भी अत्यंत शुभ माना गया है. साथ ही, भगवान विष्णु की कृपा पाने के लिए विष्णु सहस्त्रनाम का पाठ करने की सलाह दी गई है. ज्योतिष के जानकारों के अनुसार, इस दिन किए गए धार्मिक अनुष्ठान और दान-पुण्य से नवग्रहों की शांति होती है और घर में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है.