3 जुलाई से शुरू होने वाली अमरनाथ यात्रा के लिए जम्मू से लेकर पहलगाम और बालटाल तक सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जा रहे हैं. उधमपुर के रामबन में पुलिस, बम निरोधक दस्ते और कमांडो ने आतंकी खतरे से निपटने के लिए मॉकड्रिल की. इस बार सुरक्षा को और पुख्ता बनाने के लिए 'पहचान' मोबाइल ऐप का इस्तेमाल किया जा रहा है, जिससे घोड़े-खच्चर वालों और कैब ड्राइवरों का सत्यापन होगा. इसके अलावा फेस रिकग्निशन सिस्टम, सीसीटीवी कैमरे और 25 एलिवेटेड वॉच टावर भी लगाए गए हैं. यात्रियों की सुविधा के लिए जम्मू से श्रीनगर तक वंदे भारत एक्सप्रेस की शुरुआत हो गई है. इससे 10 घंटे का सफर अब पांच घंटे से भी कम समय में तय हो रहा है. यह ट्रेन चिनाब नदी पर बने दुनिया के सबसे ऊंचे रेलवे ब्रिज से होकर गुजरती है, जिससे श्रद्धालुओं का सफर न सिर्फ आसान बल्कि रोमांचक भी हो गया है.