अमरनाथ यात्रा की शुरुआत के साथ बालटाल और पहलगाम के नूनवान बेस कैंप में हजारों की संख्या में शिव भक्त बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए पहुंच चुके हैं. शुक्रवार सुबह पहला जत्था पवित्र गुफा के लिए रवाना होगा. प्रशासन और अमरनाथ श्राइन बोर्ड ने दोनों कैंपों में करीब 20 से 25 हजार श्रद्धालुओं के ठहरने, भोजन (लंगर), चिकित्सा और ऑक्सीजन जैसी सुविधाएं सुनिश्चित की हैं. सुरक्षा के लिए जम्मू-कश्मीर पुलिस, सीआरपीएफ और एनडीआरएफ द्वारा बहुस्तरीय सुरक्षा घेरा तैयार किया गया है, जिसमें महिला कमांडो की तैनाती और आरएफआईडी टैग का उपयोग शामिल है. दुर्गम रास्तों पर सहायता के लिए सीआरपीएफ की माउंटेन रेस्क्यू टीम तैनात की गई है. स्थानीय कश्मीरी लोग पारंपरिक तरीके से यात्रियों का स्वागत कर रहे हैं. बेस कैंप में महिलाओं की मदद के लिए विशेष सहायता केंद्र और अग्निशमन व्यवस्था भी की गई है.