अयोध्या में 10वें दीपोत्सव की भव्य तैयारियां पूरी हो चुकी हैं और रामनगरी रोशनी से जगमगा रही है. सरयू नदी के 56 घाटों पर 30 लाख से अधिक दीये बिछाए गए हैं, जिन्हें एक साथ प्रज्वलित कर नया विश्व रिकॉर्ड स्थापित किया जाएगा. इस ऐतिहासिक आयोजन के लिए अवध विश्वविद्यालय के छात्रों और लगभग 35 हजार स्वयंसेवकों ने घाटों को आकर्षक आकृतियों और रंगोलियों से सजाया है. दीपोत्सव के दौरान सरयू तट पर 2151 अर्चक एक साथ महाआरती करेंगे और 2100 ड्रोन आसमान में रामायण के प्रसंगों का प्रदर्शन करेंगे. इसके अलावा मल्टीमीडिया प्रोजेक्शन, लेजर शो, ग्रीन आतिशबाजी और देश-विदेश के कलाकारों द्वारा रामलीला का मंचन किया जाएगा. वहीं दूसरी ओर, दिल्ली, झांसी, पटना, प्रयागराज और जयपुर के बाजारों में धनतेरस और दीपावली को लेकर भारी रौनक देखी जा रही है, जहां सजावटी सामान, पूजा सामग्री और आभूषणों की जमकर खरीदारी हो रही है.