अयोध्या के राम मंदिर परिसर में स्थित मां भगवती मंदिर के शिखर पर धर्म ध्वजा फहराई गई। इस ऐतिहासिक आयोजन में करीब साढ़े तीन हजार महिलाओं ने हिस्सा लिया। ध्वजारोहण साध्वी ऋतंबरा द्वारा किया गया, जिसमें सीआरपीएफ की महिला विंग की जवान भी शामिल रहीं। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री साध्वी निरंजन ज्योति भी मौजूद थीं। दूसरी तरफ, उत्तराखंड में चार धाम यात्रा के दौरान बद्रीनाथ धाम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। अब तक करीब पौने सात लाख से अधिक श्रद्धालु बद्री विशाल के दर्शन कर चुके हैं। प्रशासन और एसडीआरएफ की टीमें यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा के लिए मुस्तैद हैं। इसके अलावा, सिखों के पवित्र तीर्थ स्थल श्री हेमकुंड साहिब में भारी बर्फबारी के बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह कम नहीं हुआ है। कपाट खुलने के पांच दिनों के भीतर 22 हजार से अधिक श्रद्धालु यहां मत्था टेक चुके हैं।