उत्तर प्रदेश का 594 किलोमीटर लंबा गंगा एक्सप्रेसवे बनकर तैयार है। 29 अप्रैल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इसका उद्घाटन करेंगे। 36 हज़ार करोड़ रुपये से अधिक की लागत से बना यह एक्सप्रेसवे प्रयागराज को मेरठ से जोड़ता है। इससे 12 से 14 घंटे का सफर अब महज 6 घंटे में पूरा होगा। यह ग्रीनफील्ड कॉरिडोर यूपी के 12 अहम शहरों से होकर गुजरता है। इस पर वाहनों की अधिकतम गति सीमा 120 किलोमीटर प्रति घंटा तय की गई है। सुरक्षा के लिए हर किलोमीटर पर सौर ऊर्जा से चलने वाले हाई-रेजोल्यूशन एआई कैमरे लगाए गए हैं। एक्सप्रेसवे पर चार मुख्य टोल प्लाजा हैं, जहां मल्टी-लेन फ्री-फ्लो तकनीक का इस्तेमाल किया गया है, जिससे गाड़ियां बिना रुके गुजर सकेंगी। आपातकालीन स्थिति के लिए आईसीयू सुविधा वाले मिनी अस्पताल और एंबुलेंस तैनात हैं। शाहजहांपुर के पास 3.5 किलोमीटर लंबी एयरस्ट्रिप बनाई गई है, जहां युद्ध या आपात स्थिति में फाइटर जेट्स उतारे जा सकते हैं। यह एक्सप्रेसवे दिल्ली-मुरादाबाद हाईवे और कानपुर-लखनऊ NH27 से भी जुड़ता है।