देशभर में भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा धूमधाम से निकाली गई. पुरी में भारी बारिश के बावजूद करीब 10 लाख श्रद्धालु इस भव्य यात्रा में शामिल हुए. भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और देवी सुभद्रा को रथों में विराजमान कर गुंडिचा मंदिर की ओर ले जाया गया. पुरी के गजपति महाराज ने सोने की झाड़ू से 'छेरा पहरा' की रस्म निभाई. इस मौके पर कई राजनेता और मशहूर हस्तियां भी मौजूद रहीं. अहमदाबाद में 149वीं रथयात्रा निकाली गई, जो 16 किलोमीटर लंबी थी. राज्य के मुख्यमंत्री ने 'पहिंद विधि' पूरी कर यात्रा को रवाना किया, जबकि केंद्रीय गृहमंत्री मंगला आरती में शामिल हुए. सुरक्षा के लिए 30 हजार से अधिक जवान और 100 से ज्यादा ड्रोन तैनात किए गए. जयपुर में 250 साल की परंपरा में पहली बार तीन अलग-अलग रथ निकाले गए. वहीं, उदयपुर में भगवान जगन्नाथ को रजत रथ में विराजमान कर नगर भ्रमण कराया गया, जिसमें राजपरिवार के सदस्य भी शामिल हुए.