केदारनाथ धाम के कपाट 22 अप्रैल को सुबह 8 बजे श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे। मंदिर को 51 क्विंटल फूलों से भव्य रूप से सजाया गया है। माइनस छह डिग्री तापमान के बावजूद हजारों शिव भक्त दर्शन के लिए धाम में मौजूद हैं। कपाट खुलने के अवसर पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और मुख्य रावल उपस्थित रहेंगे। दूसरी ओर, 23 अप्रैल को बद्रीनाथ धाम के कपाट भी खुलने वाले हैं। इसके लिए जोशीमठ के नरसिंह मंदिर से भगवान बद्री विशाल की डोली रवाना हो चुकी है। इस यात्रा में गरुड़ डोली, शंकराचार्य गद्दी और मुख्य पुजारी रावल शामिल हैं। चारधाम यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में भारी उत्साह है। कई भक्त पैदल और कठिन रास्तों को पार कर धाम पहुंच रहे हैं, जिनमें से कुछ अपने साथ मंदिर का भारी मॉडल भी लेकर आए हैं। धाम में हल्की बारिश और बर्फबारी के बीच प्रकृति भी शिव की भक्ति में लीन नजर आ रही है।