अयोध्या में 27 मार्च को रामनवमी के भव्य आयोजन की तैयारियां जोरों पर हैं। राम दरबार की स्थापना के बाद यह पहली रामनवमी है। राममंदिर के प्रथम तल पर राजाराम का भव्य दरबार सजेगा। सुबह 9:30 से 10:30 बजे तक अभिषेक होगा। 10:40 से 11:45 बजे तक दिव्य शृंगार होगा। दोपहर 12:00 बजे जन्मोत्सव आरती के साथ पट खुलेंगे और सूर्य तिलक का अद्भुत दृश्य चार मिनट तक दिखाई देगा। गर्भगृह में फूल बंगला झांकी सजाई जाएगी जिसमें कई क्विंटल देसी विदेशी फूलों का इस्तेमाल होगा। भगवान को 56 भोग अर्पित किए जाएंगे और छह क्विंटल पंजीरी का विशेष भोग दिया जाएगा। दशरथ महल में बनारस के प्रसिद्ध कलाकारों की शहनाई गूंज रही है। कनक भवन में भी भक्तों की भारी भीड़ उमड़ रही है। लाखों श्रद्धालुओं के आगमन के लिए सुरक्षा और सुविधाओं की व्यवस्था की गई है।