गुजरात के सोमनाथ मंदिर के पुनर्निर्माण और प्राण प्रतिष्ठा के 75 वर्ष पूर्ण होने पर सोमनाथ अमृत महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस ऐतिहासिक अवसर पर मंदिर में महापूजा, कुंभाभिषेक और ध्वजारोहण करेंगे. मंदिर के इतिहास में पहली बार 90 मीटर ऊंची क्रेन की सहायता से 11 पवित्र तीर्थों के 1100 लीटर जल द्वारा शिखर कलश का कुंभाभिषेक किया जाएगा. इस कार्यक्रम में भारतीय वायुसेना की सूर्यकिरण टीम भव्य एयर शो प्रदर्शित करेगी और मंदिर शिखर पर पुष्प वर्षा की जाएगी. प्रधानमंत्री अतिरुद्र यज्ञ के समापन के बाद सद्भावना मैदान में जनसभा को संबोधित करेंगे. सुरक्षा व्यवस्था हेतु 2000 से अधिक पुलिस और वन कर्मियों को तैनात किया गया है. 1947 में सरदार वल्लभभाई पटेल के संकल्प और 1951 में तत्कालीन राष्ट्रपति द्वारा राष्ट्र को समर्पित इस मंदिर की भव्यता देखने देश-विदेश से श्रद्धालु पहुंचे हैं. स्थानीय कलाकारों द्वारा पारंपरिक गरबा और मणियारो रास के माध्यम से प्रधानमंत्री का स्वागत किया जा रहा है.