कॉन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (CAIT) के अनुसार, इस त्योहारी सीजन में देशभर में 7 लाख करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार होने का अनुमान है. यह आंकड़ा पिछले वर्ष के 6.05 लाख करोड़ रुपये के मुकाबले 15 से 18 प्रतिशत की वृद्धि दर्शाता है. व्यापारिक अनुमानों के मुताबिक किराना और FMCG क्षेत्र में 12 प्रतिशत, सोना-चांदी में 10 प्रतिशत, इलेक्ट्रॉनिक्स में 8 प्रतिशत तथा सर्विस सेक्टर में 20 से 25 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है. ऑटोमोबाइल और कंज्यूमर ड्यूरेबल्स की मांग में भी इजाफा हुआ है. दिल्ली के चांदनी चौक सहित प्रमुख बाजारों में स्थानीय हस्तशिल्प, कपड़े, आभूषण और गैजेट्स की खरीदारी हो रही है. युवा वर्ग ईएमआई विकल्पों के साथ खर्च कर रहा है, जबकि ग्रामीण क्षेत्रों और ई-कॉमर्स के माध्यम से नए खरीदार जुड़े हैं. अकेले महाराष्ट्र से 1.2 लाख करोड़ रुपये के व्यापार का अनुमान व्यक्त किया गया है.