खेल

IPL 2026 में धोनी चौके-छक्कों की बारिश करने को तैयार, माही का इंजार कर रहे ये 9 बड़े रिकॉर्ड, एक बार फिर CSK की पीली जर्सी में दिखेंगे Mahendra Singh Dhoni

मिथिलेश कुमार सिंह
  • नई दिल्ली,
  • 22 मार्च 2026,
  • Updated 10:01 AM IST
1/10

1. आईपीएल 2026 में धोनी पर सबकी नजरें 
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के 19वें संस्करण का आगाज 28 मार्च से होने जा रहा है. क्रिकेट के मैदान पर चौके और छक्कों की बारिश करने वाले दिग्गज खिलाड़ी महेंद्र सिंह धोनी (Mahendra Singh Dhoni) आईपीएल 2026 में खेलने के लिए तैयार हैं. धोनी एक बार फिर चेन्नई सुपरकिंग्स (CSK) की पीली जर्सी में नजर आएंगे. आइए जानते हैं इंडियन प्रीमियर लीग 2026 में कौन-कौन रिकॉर्ड माही के निशाने पर हैं? आपको मालूम हो कि आईपीएल के पिछले कुछ सीजन से लगातार एमएस धोनी के संन्यास की अटकलें लगाई जाती रही हैं लेकिन फिर भी वो अपने फैंस और अपनी टीम की खातिर क्रिकेट मैदान पर लौटे हैं. आईपीएल 2026 में धोनी पर सबकी नजरें रहेंगी. धोनी को फ्रेंचाइजी ने 4 करोड़ में रिटेन किया है. माही अपनी कप्तानी में चेन्नई सुपरकिंग्स को 5 बार आईपीएल का खिताब दिला चुके हैं. 

2/10

2. CSK के लिए 250 मुकाबले खेलने वाले पहले खिलाड़ी बन सकते हैं धोनी 
महेंद्र सिंह धोनी ने अभी तक CSK के लिए 248 मुकाबले खेले हैं. धोनी आईपीएल 2026 में चेन्नई सुपर किंग्स के लिए 250 मैच खेलने वाले पहले खिलाड़ी बन सकते हैं. आपको मालूम हो कि रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के बल्लेबाज विराट कोहली 267 मैचों के साथ पहले स्थान पर हैं. हालांकि धोनी ने आईपीएल में कुल 278 मैच खेले हैं, लेकिन इसमें से 30 मैच उन्होंने पुणे सुपरजायंट्स की ओर से खेले हैं. 

3/10

3. और धोनी के 5000 रन हो जाएंगे पूरे 
धोनी ने चेन्नई सुपरकिंग्स के लिए अभी तक 248 मैच खेले हैं और इसकी 215 पारियों में 4865 रन बनाए हैं. धोनी यदि आईपीएल 2026 में 135 रन बनाते हैं तो वह CSK के लिए 5000 रन पूरे कर लेंगे. इस तरह से वह इस टीम के लिए आईपीएल में 5000 रन बनाने वाले पहले बल्लेबाज बन जाएंगे. धोनी के बल्ले से आईपीएल में 22 अर्धशतक निकले हैं और उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर नॉट आउट 84 रन रहा है.

4/10

4. धोनी 18 रन बनाते ही रैना से निकल जाएंगे आगे
धोनी आईपीएल में सुरेश रैना के रनों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ सकते हैं. धोनी को रैना से आगे निकलने के लिए सिर्फ 18 रन की जरूरत है. यदि धोनी पहले ही मैच में 18 रन बनाने में सफल रहे तो वह चेन्नई सुपरकिंग्स के लिए सर्वाधिक रन बनाने वाले खिलाड़ी बन जाएंगे. इस समय धोनी के 4669 रन और सुरेश रैना के 4687 रन हैं. 

5/10

5. चौके और छक्कों का रिकॉर्ड बनाने से बस इतने कदम दूर धोनी 
महेंद्र सिंह धोनी चेन्नई सुपरकिंग्स के लिए 250 छक्के लगाने का रिकॉर्ड बनाने से सिर्फ 16 छक्के दूर हैं. धोनी अभी तक चेन्नई के लिए आईपीएल में 234 छक्के लगा चुके हैं. CSK के लिए 350 चौके लगाने वाले दूसरे बल्लेबाज बनने के मौका भी धोनी के पास है. धोनी ने CSK के लिए आईपीएल में अभी तक 342 चौके लगा चुके हैं. वह 350 चौकों के आंकड़े से 8 कदम दूर हैं. यदि वह आईपीएल 2026 में यह मुकाम हासिल कर लेते हैं तो चैन्नई के लिए 350 या उससे ज्यादा चौके लगाने वाले दूसरे बल्लेबाज बन जाएंगे. आपको मालूम हो कि सुरेश रैना 425 चौकों के साथ पहले स्थान पर हैं.

6/10

6. ...तो धोनी के नाम जुड़ जाएगी यह उपलब्धि 
सीएसके के घरेलू मैदान पर महेंद्र सिंह धोनी ने खूब चौके लगाए हैं. धोनी ने यहां 99 चौके लगाए हैं और 100 चौके के आंकड़े से सिर्फ एक कदम दूर हैं. वह आईपीएल 2026 में एक चौका लगाते ही इस मैदान पर 100 या उससे ज्यादा चौके लगाने वाले दूसरे बल्लेबाज बन जाएंगे, रैना 140 चौकों के साथ पहले स्थान पर  हैं. 

7/10

7. विकेटकीपर के तौर पर ये रिकॉर्ड बना सकते हैं धोनी 
विकेटकीपर महेंद्र सिंह धोनी के नाम आईपीएल में सबसे ज्यादा 158 कैच पकड़ने का रिकॉर्ड है. वहीं सिर्फ एक फ्रेंचाइजी के लिए 150 कैच का रिकॉर्ड बनाने से 10 कैच दूर हैं. धोनी ने 18 कैच पुणे की टीम से खेलते हुए लिए थे. इसके अलावा धोनी स्टंपिंग के मामले में 50 के आंकड़े से सिर्फ तीन कदम दूर हैं. धोनी आईपीएल में अभी तक 47 खिलाड़ियों को स्टंपिंग कर चुके हैं. टी-20 क्रिकेट में विकेटकीपर के रूप में धोनी के नाम 7356 रन हैं और वह 7500 रन पूरे करने से 144 रन दूर हैं.

8/10

8. इस रिकॉर्ड से सिर्फ 8 कदम दूर 
धोनी एक फ्रेंचाइजी के लिए बतौर खिलाड़ी 150 मैच जीतने से सिर्फ आठ कदम दूर हैं. धोनी ने अब तक सबसे ज्यादा 156 मैच जीते हैं, जिसमें से 14 मैच पुणे के लिए जीते थे. धोनी आईपीलए में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ 1000 रन बनाने वाले पहला बल्लेबाज बनने से वो 94 रन दूर हैं. धोनी ने RCB के खिलाफ 35 पारियों में सबसे ज्यादा 906 रन बनाए हैं.

9/10

9. ...तो धोनी तोड़ देंगे अपना ही रिकॉर्ड 
यदि धोनी आईपीएल 2026 में एक भी प्लेयर ऑफ द मैच अवॉर्ड जीतते हैं तो सबसे ज्यादा उम्र में ऐसा करने का अपना ही रिकॉर्ड तोड़ देंगे. धोनी की उम्र फिलहाल 44 साल और 258 दिन से ज्यादा है. उन्होंने पिछले आईपीएल सीजन में 43 साल 281 दिन की उम्र में ये रिकॉर्ड बनाया था.

10/10

10. धोनी अपने नाम एक और बड़ा रिकॉर्ड कर लेंगे दर्ज 
एमएस धोनी यदि आईपीएल 2026 किसी एक मैच में 50 प्लस स्कोर करने में सफल रहे तो वह अपने नाम बड़ा रिकॉर्ड दर्ज कर लेंगे. माही ऐसा करने वाले सबसे उम्रदराज खिलाड़ी बन जाएंगे. हालांकि इसके लिए धोनी को बैटिंग करने के लिए थोड़ा ऊपर आना होगा, तभी बैटिंग के लिए उन्हें ज्यादा समय मिलेगा और वो इस रिकॉर्ड को हासिल कर सकते हैं. आईपीएल में 50 प्लस का स्कोर करने वाले सबसे उम्रदराज खिलाड़ी का रिकॉर्ड फिलहाल ऑस्ट्रेलिया के विकेटकीपर एडम गिलक्रिस्ट के नाम है. गिलक्रिस्ट ने साल 2013 में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के खिलाफ मुकाबले में नाबाद 85 रन बनाए थे. उस समय गिलक्रिस्ट की उम्र 41 साल और 181 दिन थी.