भारत और बांग्लादेश के बीच खेले गए तीसरे वनडे में टीम इंडिया ने बड़ी जीत दर्ज की है. चटगांव में खेले गए आखिरी वनडे मुकाबले में भारत ने बांग्लादेश को 227 रन से हरा दिया है. भारत ने मेजबान टीम के सामने जीत के लिए 410 रनों का लक्ष्य रखा था. लेकिन बांग्लादेश की पूरी टीम 182 के स्कोर पर आउट हो गई.
इससे पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने 50 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 409 रन बनाए. आज के मैच में ईशान किशन ने सबसे तेज दोहरा शतक जड़ दिया. ईशान ये कारनामा करने वाले चौथे भारतीय बल्लेबाज और दुनिया के छठे क्रिकेटर बने हैं. इससे पहले टीम इंडिया की तरफ से सचिन तेंडुलकर, वीरेंदर सहवाग और रोहित शर्मा ने वनडे मुकाबले में डबल सेंचुरी जड़ी हैं. रोहित शर्मा तो ये कारनामा तीन बार कर चुके हैं. 24 साल के ईशान ने महज 126 गेंदों में 200 रन पूरे किए.
आज के मैच में 210 रनों की शानदार पारी खेलने वाले ईशान किशन ने कुल 131 गेंदों का सामना किया. इस दौरान ईशान ने 24 चौके और 10 छक्के भी लगाए. विराट कोहली ने भी ईशान का बखूबी साथ दिया और शानदार शतकीय पारी खेली. विराट ने अपने वनडे करियर का 44वां शतक लगाया. कोहली ने 91 गेंदों में 113 रनों की पारी खेली. विराट ने अपनी पारी में 11 चौके और 2 छक्के भी जमाए.
बांग्लादेश ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया. रोहित शर्मा की जगह टीम में ईशान किशन को शामिल किया गया है. 15 रन के स्कोर पर भारत का पहला विकेट गिरा. शिखर धवन आठ गेंदों में तीन रन बनाकर आउट हुए. इसके बाद ईशान किशन और विराट कोहली ने पारी संभाली. आउट ऑफ फॉर्म चल रहे के. एल. राहुल आज भी कुछ खास नहीं कर पाए और 8 रन के निजी स्कोर पर पवेलियन लौट गए. राहुल ने 10 गेंदों का सामना किया.
भारतीय टीम को शुरुआती दोनों मुकाबलों में शिकस्त का सामना करना पड़ा, जिसके कारण वह सीरीज गंवा चुकी. भारतीय टीम की बांग्लादेश दौरे पर मुसीबतें भी काफी बढ़ चुकी हैं. कई खिलाड़ी चोटिल होकर सीरीज से बाहर हो चुके हैं. भारत और बांग्लादेश के बीच पहले दो वनडे मीरपुर के शेर-ए-बांग्ला स्टेडियम पर खेले गए. पहले वनडे में भारत को एक विकेट की शिकस्त झेलनी पड़ी जबकि दूसरे वनडे में बांग्लादेश ने पांच रन से जीत दर्ज की.
इस साल दूसरी बार क्लीन स्वीप से बच गया भारत
आज की जीत के साथ भारत इस साल दूसरी बार किसी वनडे सीरीज में क्लीन स्वीप से बच गया. टीम इंडिया को जनवरी में दक्षिण अफ्रीका के दौरे पर तीन मैचों की सीरीज में 3-0 से हार मिली थी. उससे पहले न्यूजीलैंड ने 2020 में अपने घरेलू मैदान पर टीम इंडिया को तीन मैचों की ही सीरीज में 3-0 से परास्त किया था.
भारतीय टीम में दो बदलाव
इस मैच में भारत की कप्तानी लोकेश राहुल ने की, क्योंकि टीम के नियमित कप्तान रोहित शर्मा चोट की वजह से पूरे दौरे से बाहर हो गए हैं. टीम इंडिया इस मैच में दो बदलाव के साथ उतरी. चोटिल रोहित शर्मा की जगह ईशान किशन को टीम में शामिल किया गया. वहीं, दीपक चाहर की जगह कुलदीप यादव टीम के साथ जुड़े.