Advertisement

Abhishek Sharma Unique Celebration Reason: शतक के बाद अभिषेक शर्मा का दिखा आध्यात्मिक अंदाज, मैच के बाद विस्फोटक बल्लेबाज ने खोला इस सेलिब्रेशन का राज, जानें क्यों पिच पर बैठ गए थे ध्यान मुद्रा लगाकर?

IND vs AFG: विस्फोटक बल्लेबाज अभिषेक शर्मा के तूफानी शतक से भारत ने तीसरे और आखिरी टी-20 मैच में अफगानिस्तान को 127 रनों से हराकर इस सीरीज पर 3-0 से कब्जा कर लिया. अभिषेक ने सिर्फ 30 गेंदों में शतक पूरे किए. इस बल्लेबाज के शतक की तारीफ तो हर तरफ हो ही रही है, शतक के बाद अभिषेक शर्मा का क्रिकेट ग्राउंड पर सेलिब्रेशन भी लोगों का ध्यान खींच रहा है. उनका ध्यान मुद्रा वाला अंदाज सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है. मैच के बाद अभिषेक शर्मा ने इस सेलिब्रेशन का राज खोला. आइए जानते क्या कहा?

Abhishek Sharma Unique Celebration (Photo: PTI)
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 18 सितंबर 2026,
  • अपडेटेड 10:35 AM IST

Abhishek Sharma: भारत और अफगानिस्तान के बीच 3 टी-20 मैचों की सीरीज का आखिरी मुकाबला 17 सितंबर 2026 को नई दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला गया. भारत ने इस मैच को 127 रनों से जीतकर टी-20 सीरीज पर 3-0 से कब्जा जमा लिया. टीम इंडिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए अभिषेक शर्मा की तूफानी शतक के बदौलत 7 विकेट पर 221 रन बनाए थे. जवाब में अफगानी टीम 94 रनों पर ढेर हो गई. इस तरह से भारत ने मैच जीत लिया. अभिषेक ने सिर्फ 30 गेंदों में शतक पूरे किए. इस बल्लेबाज के शतक की तारीफ तो हर तरफ हो ही रही है, शतक के बाद अभिषेक शर्मा का क्रिकेट ग्राउंड पर सेलिब्रेशन भी लोगों का ध्यान खींच रहा है. उनका ध्यान मुद्रा वाला अंदाज सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है. 

अभिषेक शर्मा ने खास अंदाज में मनाया जश्न
अभिषेक शर्मा ने 30वीं गेंद पर सिंगल लेकर शतक पूरा करने के बाद अपने हाथों से दस्ताने, सिर से हेलमेट उतारा और बल्ला मैदान पर रखा. फिर पिच पर ही पद्मासन की मुद्रा में बैठकर ध्यान लगाने वाले शांत अंदाज में जश्न मनाया. उनका यह अनूठा जश्न सोशल मीडिया पर वायरल हो गया.

इस सेलिब्रेशन से उठाया पर्दा 
अभिषेक शर्मा ने सैकड़ा जड़ने के बाद अपने खास सेलिब्रेशन से पर्दा मुकाबला खत्म होने के बाद प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड मिलने के बाद दिए बयान में उठाया. अभिषेक ने कहा कि  मैं पिछले 6 महीने-1 साल से मेडिटेशन और ध्यान कर रहा हूं क्योंकि जब आप पूरे साल क्रिकेट खेलते हैं तो एक क्रिकेटर के तौर पर कई उतार-चढ़ाव भी देखते हैं. ऐसे में आप अपने मन को स्थिर कैसे रखते हैं? मुझे लगता है कि मेडिटेशन से मुझे सच में बहुत मदद मिली और मैं बस यही चाहता था कि अगर कोई इसे देखे, या किसी क्रिकेटर को लगे कि इससे सच में मुझे पिछले 6 से 8 महीनों में मदद मिली है तो बस उसी के लिए यह खास सेलिब्रेशन था कि जो चीज मुझे स्थिर रखती है. मेडिटेशन से मुझे सच में बहुत मदद मिली है. 

तोड़ दिया यह रिकॉर्ड
अभिषेक शर्मा ने अफगानिस्तान के खिलाफ 34 गेंदों में कुल 108 रन बनाए. इस दौरान उन्होंने 9 चौके और 11 छक्के लगाए. अभिषेक ने सिर्फ 16 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया था और इसके बाद वह सिर्फ 14 गेंदों में शतक तक पहुंच गए. उन्होंने 30 गेंदों में अपना शतक पूरा किया. अभिषेक शर्मा ने सिर्फ 30 गेंदों में शतक पूरा करते हुए टी-20 इंटरनेशनल में भारत के लिए सबसे तेज शतक लगाने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया. अभिषेक शर्मा ने पूर्व भारतीय कप्तान रोहित शर्मा का साल 2017 में श्रीलंका के खिलाफ बनाया गया 35 गेंदों में शतक का रिकॉर्ड तोड़ा. इसके अलावा अभिषेक शर्मा ने फुल मेंबर नेशन में सबसे तेज शतक बनाने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया. 

प्लेयर ऑफ द मैच और प्लेयर ऑफ द सीरीज का मिला अवॉर्ड 
अभिषेक शर्मा ने अफगानिस्तान के खिलाफ इस टी-20 सीरीज में 3 मैचों में अपने बल्ले से शानदार प्रदर्शन किया. उन्होंने तीनों मुकाबले को मिलाकर कुल 229 रन बनाए. अभिषेक शर्मा को इसके लिए प्लेयर ऑफ द सीरीज का अवॉर्ड दिया गया. तीसरे मैच में 108 रन बनाने और भारत को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाने के लिए अभिषेक शर्मा को प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड दिया गया. अभिषेक शर्मा ने अवॉर्ड लेने के बाद कहा कि मैं किसी खास हिस्से तक सीमित नहीं रहना चाहता. बस गेंद को देखो और उसके हिसाब से खेलो. मेरे लिए यह पहले दिन से ही बहुत आसान रहा है. मैं बस जाकर खुलकर खेलना चाहता हूं और जबरदस्ती शॉट नहीं मारना चाहता. मैं बस गेंद को देखकर हिट करना चाहता हूं और आने वाले सभी मैचों में भी मेरे लिए यही तरीका रहेगा.


 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement