Advertisement

Asia Cup 2023: नेपाल को 10 विकेट से रौंदकर भारत सुपर-4 में पहुंचा, रोहित-गिल ने जड़ा पचासा, इस दिन होगी टीम इंडिया की पाकिस्तान से टक्कर 

India vs Nepal Match: एशिया कप 2023 में नेपाल के खिलाफ भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने शानदार अंदाज में फिफ्टी जमाई. उन्होंने 59 गेंदों पर नाबाद 74 रन बनाए. जबकि शुभमन गिल भी 62 गेंदों पर 67 रन बनाकर नाबाद रहे. टीम इंडिया ने मैच 10 विकेट से जीत लिया.

नेपाल को हराकर भारत सुपर-4 में पहुंचा
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 05 सितंबर 2023,
  • अपडेटेड 12:31 AM IST
  • रोहित शर्मा 74 रन और शुभमन गिल 67 रन बनाकर रहे नाबाद 
  • मोहम्मद सिराज और रवींद्र जडेजा ने 3-3 विकेट चटकाए

भारत ने श्रीलंका में खेले जा रहे एशिया कप 2023 के अपने दूसरे मैच में नेपाल को एकतरफा अंदाज में 10 विकेट से हराते हुए सुपर-फोर में एंट्री मारी. बारिश के कारण मैच बीच-बीच में कई बार रोकना पड़ा. फिर डकवर्थ-लुईस के आधार पर मैच खेला गया. पाकिस्तान के खिलाफ पहले मैच में टॉस जीतकर बैटिंग करने का फैसला करने वाले कप्तान रोहित शर्मा ने इस बार पहले गेंदबाजी चुनी. 

नेपाली टीम ने 48.2 ओवर में 230 रन बनाए थे
भारतीय टीम और नेपाल के बीच यह मुकाबला पल्लेकेल इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम खेला गया. भारत के खिलाफ पहली बार कोई इंटरनेशनल मैच खेलने उतरी नेपाली टीम ने 48.2 ओवर में 230 रन का सम्मानजनक स्कोर बनाकर वर्ल्ड क्रिकेट का दिल जीत लिया. 231 रन के लक्ष्य के जवाब में भारत जब 2.1 ओवर में बिना किसी नुकसान के 17 रन बना चुका था, तब बारिश के चलते खेल रोकना पड़ा. 

डकवर्थ-लुईस के आधार पर भारत को 23 ओवर में 145 रन का संशोधित लक्ष्य मिला, जिसे रोहित शर्मा (74) और कप्तान शुभमन गिल (67) ने बिना कोई विकेट खोए 17 गेंद पहले हासिल कर लिया. कप्तान रोहित शर्मा का वनडे करियर का यहा 49वां अर्धशतक रहा. वहीं शुभमन गिल का यह वनडे करियर का सातवां अर्धशतक था. नेपाल की टीम इस हार के साथ ही टूर्नामेंट से बाहर हो गई गई है. नेपाल को ग्रुप-ए के अपने पहले मैच में पाकिस्तान को 238 रनों से हार झेलनी पड़ी थी.

नेपाल ने चढ़कर बल्लेबाजी की
सलामी बल्लेबाज आसिफ शेख (97 गेंदों पर 58 रन), कुशल भुर्तेल (25 गेंदों पर 38 रन) और सोमपाल कामी (56 गेंदों पर 48 रन) ने भारतीय तेज गेंदबाजों की बखिया उधेड़ दी. एक सेकेंड के लिए भी कभी ऐसा नहीं लगा कि नेपाल के बल्लेबाज पहली बार भारत जैसी मजबूत टीम का सामना कर रहे हैं. नेपाल ने चढ़कर बल्लेबाजी की.

सिराज-शार्दुल काफी महंगे हुए साबित
भारत की तरफ से मोहम्मद सिराज और शार्दुल ठाकुर काफी महंगे साबित हुए. सिराज ने 9.2 ओवर में तीन विकेट जरूर निकाले, लेकिन इसके लिए उन्हें आठ चौके और दो छक्के खाने पड़े. सिराज ने कुल 61 रन खर्च किए. शार्दुल ठाकुर ने चार ओवर में 6.50 की इकॉनमी से 26 रन खर्च किए और एक विकेट मिला. रविंद्र जडेजा ने 40 रन देकर तीन विकेट लिए, लेकिन दूसरे स्पिनर कुलदीप यादव (10 ओवर में 34 रन) को कोई सफलता नहीं मिली. तेज गेंदबाजी में मोहम्मद शमी और हार्दिक पंड्या को भी एक-एक विकेट मिला.

सुपर-फोर में अब भारत-पाक की टक्कर
ग्रुप ए में एक जीत और एक ड्रॉ के साथ भारत 1.028 नेट रन रेट लेकर दूसरी पोजिशन पर रहा, इस तरह अब टूर्नामेंट में दूसरी बार भारत-पाकिस्तान की टक्कर होगी. यह मुकाबला 10 सितंबर दिन रविवार को  हम्बनटोटा में खेला जाएगा खेला जाएगा. 

ग्रुप-ए से पाकिस्तान ने पहले स्थान पर और भारत ने दूसरे स्थान पर रहते हुए सुपर फोर के लिए क्वालिफाई किया. ग्रुप-बी में अभी श्रीलंका, बांग्लादेश और अफगानिस्तान तीनों के सुपर फोर में पहुंचने के रास्ते खुले हुए हैं. सुपर फोर राउंड की शुरुआत छह सितंबर से होगी. टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला 17 सितंबर 2023 को हम्बनटोटा में होगा.

बारिश से रद्द हुआ था भारत-पाकिस्तान का पहला मैच
एशिया कप 2023 में भारतीय टीम ने अपना पहला मैच पाकिस्तान के खिलाफ शनिवार (2 सितंबर) को खेला था. पल्लेकेल स्टेडियम में हुआ यह मैच बारिश की भेंट चढ़ गया. तेज बारिश के कारण यह मैच रद्द हो गया. मैच में भारतीय टीम ही बैटिंग कर सकी थी.

मैच में टॉस जीतकर पहले बैटिंग करते हुए भारतीय टीम की शुरुआत खराब रही, पर टीम ने 266 रन बना दिए थे. ईशान ने 81 गेंदों पर 82 रनों की पारी खेली. जबकि तेज गेंदबाजी ऑलराउंडर पंड्या ने 90 गेंदों पर 87 रन बनाए. इसके बाद इतनी तेज बारिश आई कि पाकिस्तान टीम बैटिंग नहीं कर सकी और मैच रद्द करना पड़ गया.

भारत-नेपाल मैच में दोनों टीमों की प्लेइंग 11
भारतीय टीम: रोहित शर्मा (कप्तान), शुभमन गिल, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, ईशान किशन (विकेटकीपर), हार्दिक पंड्या, रवींद्र जडेजा, शार्दुल ठाकुर, कुलदीप यादव, मोहम्मद शमी, मोहम्मद सिराज.

नेपाल की टीम: कुशल भुरतेल, आसिफ शेख (विकेटकीपर), रोहित पौडेल (कप्तान), भीम शर्की, सोमपाल कामी, गुलशन झा, दीपेंद्र सिंह ऐरी, कुशल मल्ला, संदीप लामिछाने, केसी करन, ललित राजबंशी.


 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement