Asian Champions Trophy Hockey 2021: भारत और कोरिया के बीच मंगलवार को होने वाले मुकाबले के साथ एशियन चैंपियन ट्रॉफी (Asian Champions Trophy 2021) का आगाज होगा. ओलंपिक में कांस्य पदक जीतने के बाद भारतीय हॉकी टीम के खिलाड़ी जोश से लबरेज हैं और जीत के इरादे के साथ मैदान पर उतरेंगे. भारतीय खिलाड़ी इस मैच को लेकर बहुत उत्साहित हैं. 2011 में शुरू हुए इस टूर्नामेंट को भारत ने तीन बार जीता है. इससे पहले 2016 में मलेशिया और 2018 में ओमान में आयोजित सीरीज भारत ने अपने नाम की थी.
22 को फाइनल मुकाबला
भारत अपना शुरुआती मैच 14 दिसंबर को कोरिया के साथ खेलेगा. इसके अगले दिन यानि 15 दिसंबर को भारत और मेजबान बांग्लादेश के बीच मुकाबला होगा. भारत अपना तीसरा मैच प्रतिद्वंदी पाकिस्तान के साथ 17 दिसंबर को जापान के साथ 19 दिसंबर को खेलेगा. 21 दिसंबर को सेमीफाइनल और 22 दिसंबर को फाइनल मुकाबला होगा.
पूरी तैयारी के साथ उतरेगी भारतीय टीम
कप्तान मनप्रीत सिंह (Captain Manpreet Singh) ने कहा की भारतीय टीम एक अच्छी शुरुआत करेगी. उन्होंने कहा कि कोरिया की टीम अच्छी है और हमारे अटैक को स्लो कर सकती है. 2017 में हुए एशिया कप के लीग मैच में हमने कोरिया के साथ 1-1 से ड्रॉ किया था. हम जब कोरिया के साथ खेलने के लिए उतरेंगे तो पूरी तैयारी के साथ उतरेंगे. सभी मोर्चे पर हमारे खिलाड़ी मुकाबला करेंगे. टूर्नामेंट को लेकर कप्तान मनप्रीत ने कहा कि ये टूर्नामेंट हमारे के लिए काफी महत्वपूर्ण है क्योंकि टोक्यो ओलंपिक के बाद यह हमारा पहला टूर्नामेंट है. अगर हम अच्छी शुरुआतत करते हैं तो हमारा आत्मविश्वास बढ़ेगा.
कई युवाओं को टीम में दिया गया मौका
इस टूर्नामेंट में भारतीय टीम ने कई युवाओं को मौका दिया है. मनप्रीत ने बताया कि यहां हमारे लिए अच्छा प्रदर्शन करना बहुत महत्वपूर्ण है. उन्होंने कहा-"कई युवाओं को टीम में मौका दिया गया है क्योंकि उनमें से कुछ को पिछले दो वर्षों में मौका नहीं मिला. ओलंपिक की तैयारी करने वाली कोर टीम पर ध्यान केंद्रित किया गया था. युवा काफी समय से कड़ी मेहनत कर रहे हैं. अब उनके पास खुद को साबित करने का मौका है. हम यह देख रहे हैं कि बाकी एशियाई टीमों ने पिछले दो सालों में खुद को किस तरह सेतैयार किया है. हमारी टीम के लिए यह टूर्नामेंट अच्छा टेस्ट होगा. मस्कट में आयोजित पिछली सीरीज में भारत और पाकिस्तान दोनों ने संयुक्त रूप से खिताब जीता था क्योंकि फाइनल का मैच बारिश की वजह से धुल गया था.