Advertisement

Asian Games 2023: बांग्लादेश को रौंदकर फाइनल में भारत, पूजा वस्त्राकर ने गेंद से बरपाया कहर, मेडल हुआ पक्का, जानें अब किससे होगी टक्कर

Asian Games 2023 IND W vs BAN: एशियाई खेलों में भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने कम से कम रजत पदक पक्का कर लिया है. सेमीफाइनल मुकाबले में भारत ने बांग्लादेश को आठ विकेट से हराया.

भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने बांग्लादेश के हराया
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 24 सितंबर 2023,
  • अपडेटेड 10:15 AM IST
  • भारत ने बांग्लादेश को 51 रनों पर ही कर दिया था ऑलआउट
  • टीम इंडिया ने 8.2 ओवर में दर्ज कर ली जीत

एशियन गेम्स में भारत के लिए एक और मेडल पक्का हो गया है. जी हां, भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने 24 सितंबर 2023 को खेले गए सेमीफाइनल मुकाबले में बांग्लादेश को 8 विकेट से रौंदकर फाइनल में जगह बना ली है. मुकाबले में बांग्लादेश ने भारतीय टीम को जीत के लिए 52 रनों का टारगेट दिया था, जिसे उसने 8.2 ओवरों में हासिल कर लिया. 

पूजा वस्त्राकर ने चटकाए चार विकेट
भारत की जीत की हीरो तेज गेंदबाज पूजा वस्त्रकर रहीं, जिन्होंने 4 ओवर में 17 रन खर्च कर चार विकेट हासिल किए. पूजा की शानदार गेंदबाजी की बदौलत भारत ने बांग्लादेश को 17.5 ओवर में 51 रन पर ही ऑलआउट कर दिया था. 

मैच की पहली ही गेंद पर दिलाई सफलता
बांग्लादेश ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया था. मैच की पहली ही गेंद पर पूजा ने भारत को विकेट दिला दिया. पहले ओवर की पांचवीं गेंद पर भी पूजा को विकेट मिला. इसके बाद बांग्लादेश की पारी संभल ही नहीं पाई. पावरप्ले खत्म होने तक बांग्लादेश ने 21 रन पर ही चार विकेट गंवा दिए थे. 

बांग्लादेशी कप्तान सिर्फ दहाई का आंकड़ा कर सकीं पार
बांग्लादेशी कप्तान निगर ही इकलौती बैटर रही जिन्होंने दहाई का आंकड़ा पार किया. निगर भी इस पारी को ज्यादा नहीं बढ़ा पाई और उन्होंने 12 रन ही बनाए. नदीहा ने 9 रन की पारी खेली. भारत की गेंदबाजी इतनी शानदार रही कि बांग्लादेश की पारी में कुल 4 ही बाउंड्री लगी. पूजा के अलावा संधु ने बेहद कसी हुई गेंदबाजी की. संधु ने चार ओवर में महज 10 रन खर्च किए और वह एक विकेट हासिल करने में कामयाब रहीं. राजश्री को 3.5 ओवर में 8 रन खर्च कर एक विकेट हासिल हुआ.अमनजोत कौर और देविका को भी एक-एक विकेट हासिल हुआ.

भारत का ऐसे गिरा विकेट
19 रन के स्कोर पर पहला विकेट गिरा: 52 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए 19 रन के स्कोर पर भारत का पहला विकेट गिरा. कप्तान स्मृति मंधाना 12 गेंद में सात रन बनाकर आउट हुईं. मुरफा अख्तर ने उन्हें समीमा सुल्ताना के हाथों कैच कराया. 

40 रन पर दूसरा विकेट गिरा: 40 रन के स्कोर पर भारत का दूसरा विकेट गिरा. शेफाली वर्मा 21 गेंद में 17 रन बनाकर आउट हुईं. फाहिमा खातून ने उन्हें क्लीन बोल्ड किया.

भारत की प्लेइंग 11: स्मृति मंधाना (कप्तान), शेफाली वर्मा, जेमिमा रोड्रिग्स, कनिका आहूजा, ऋचा घोष (विकेटकीपर), दीप्ति शर्मा, देविका वैद्य, अमनजोत कौर, पूजा वस्त्राकर, टिटास साधु, राजेश्वरी गायकवाड़. 

बांग्लादेश की प्लेइंग 11: शमीमा सुल्ताना, शती रानी, निगार सुल्ताना (कप्तान /विकेटकीपर), शोभना मोस्तरी, रितु मोर्न मारुफा अख्तर, नाहिदा अख्तर, शोर्ना अख्तर, फाहिमा खातून, सुल्ताना खातून, राबेया खान.

पाकिस्तान के साथ हो सकता है फाइनल
भारतीय महिला क्रिकेट टीम एशियन गेम्स के फाइनल में पहुंच गई है. एशियन गेम्स में महिला क्रिकेट का फाइनल मैच 25 सितंबर 2023 को खेला जाएगा. आपको बता दें कि फाइनल में टीम इंडिया का मुकाबला पाकिस्तान के खिलाफ भी खेला जा सकता है. दरअसल इस टूर्नामेंट का दूसरा सेमीफाइनल मैच पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच खेला जाना है. इस मैच में पाकिस्तान की महिला टीम फेवरेट मानी जा रही है. जहां अगर पाकिस्तान की टीम जीत जाती है तो फाइनल में फैंस को लंबे समय के बाद भारत और पाकिस्तान का मैच देखने को मिल सकता है.

पहली बार खेल रही भारतीय क्रिकेट टीम
2010 और 2014 के एशियन गेम्स में भी क्रिकेट का इवेंट रखा गया था, जहां बीसीसीआई ने न तो पुरुष और न ही वूमेन्स टीम को भेजा था. लेकिन इस बार भारत की टीम भाग ले रही है. 2010 के खेलों में बांग्लादेश और पाकिस्तान ने क्रमश: पुरुष और महिला वर्ग में गोल्ड जीता था. वहीं 2014 में श्रीलंकाई ने पुरुष वर्ग में और पाकिस्तान ने महिला वर्ग में गोल्ड अपने नाम किया. 

गुड न्यूज टुडे चैनल को WhatsApp पर फॉलो करें


 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement