Advertisement

Australian Open 2022: नडाल का कमाल, 21 ग्रैंड स्लैम जीतकर बनाया रिकॉर्ड- फेडरर और जोकोविच को छोड़ा पीछे

नडाल ने मेलबर्न में खेले गए रोमांचक फाइनल मुकाबले में रूस के डैनिल मेदवेदेव को हराकर खिताब अपने नाम किया. दोनों के बीच यह रोमांचक मुकाबला 5 घंटे 24 मिनट तक चला.

राफेल नडाल ने जीता ऑस्ट्रेलियन ओपन 2022
gnttv.com
  • नई दिल्ली ,
  • 30 जनवरी 2022,
  • अपडेटेड 10:29 PM IST
  • राफेल नडाल ने रूस के डैनिल मेदवेदेव को हराकर जीता ऑस्ट्रेलियन ओपन.
  • 21 ग्रैंड स्लैम जीतने वाले पहले खिलाड़ी बने.

टेनिस के बेताज बादशाह राफेल नडाल ने 21वां ग्रैंडस्लैम खिताब जीत लिया है. वे ऐसा करने वाले दुनिया के पहले खिलाड़ी बन गए हैं. स्पेन के इस खिलाड़ी ने सबसे ज्यादा ग्रैंडस्लैम जीतने के मामले में सर्बिया के नोवाक जोकोविच और स्विट्जरलैंड के रोजर फेडरर को भी पीछे छोड़ दिया है. इन दोनों के नाम 20-20 ग्रैंड स्लैम टाइटल हैं. राफेल नडाल ने दूसरी बार यह खिताब जीता है. पिछली बार उन्होंने 13 साल पहले यानी 2009 में ऑस्ट्रेलियन ओपेन जीता था.  

ऑस्ट्रेलियन ओपन के फाइनल में राफेल नडाल ने रूस के डेनिल मेदवेदेव को 2-6, 6-7, 6-4, 6-4, 7-5 से हराया.  वे दुनिया में सबसे ज्यादा ग्रैंड स्लैम जीतने वाले प्लेयर बन गए हैं. नडाल ने मेलबर्न में खेले गए रोमांचक फाइनल मुकाबले में रूस के डैनिल मेदवेदेव को हराकर खिताब अपने नाम किया. दोनों के बीच यह रोमांचक मुकाबला 5 घंटे 24 मिनट तक चला. फाइनल मुकाबले का पहला सेट मेदवेदेव के नाम रहा. उन्होंने शुरुआती दो सेट 6-2, 7-6 से अपने नाम कर लिए. इसके बाद नडाल ने वापसी करते हुए अगले दो सेट 6-4, 6-4 से जीतकर मैच बराबर कर दिया. इसके बाद पांचवां सेट भी दोनों के बीच काफी रोमांचक रहा, जिसमें नडाल ने 7-5 से बाजी मारते हुए खिताब अपने नाम कर लिया. एक समय नडाल 4-2 से आगे चल रहे थे, तभी मेदवेदेव ने धमाकेदार वापसी की और मुकाबले को 6-6 की बराबरी पर ला खड़ा किया. जिसके बाद टाइब्रेकर में नडाल ने ये सेट जीता. 

21 ग्रैंड स्लैम जीतने वाले पहले खिलाड़ी 

राफेल नडाल ने ऑस्ट्रेलियन ओपन जीतकर एक इतिहास भी रच दिया. नडाल इसके साथ ही ग्रैंड स्लैम के 145 साल के इतिहास में सबसे ज्यादा मेंस सिंगल्स खिताब जीतने वाले पुरुष खिलाड़ी बन गए. वे अब दुनिया के पहले ऐसे खिलाड़ी हैं, जिन्होंने 21 मेंस सिंगल्स ग्रैंड स्लैम जीते हैं. ये टेनिस के खेल में अपने आप में एक वर्ल्ड रिकॉर्ड है. 35 साल के राफेल नडाल के  करियर का ये दूसरा ऑस्ट्रेलियन ओपन खिताब है. इसके लिए उन्होंने 13 साल इंतजार किया. आखिरी बार राफेल नडाल ने 2009 में ऑस्ट्रेलियन ओपन जीता था.  

2009 में जीता था पहला ऑस्ट्रेलियाई ओपन

यह आस्ट्रेलियाई ओपन का दूसरा सबसे अधिक समय चला फाइनल है. इससे पहले 2012 में सर्बिया के नोवाक जोकोविच ने नडाल को पांच सेट चले मुकाबले में पांच घंटे और 53 मिनट में हराया था. फाइनल के दौरान 84 मिनट चले दूसरे सेट में कुछ देकर खेल रुका जब एक प्रदर्शनकारी कोर्ट पर उतर आया. नडाल चारों ग्रैंडस्लैम खिताब कम से कम दो बार जीतने वाले टेनिस इतिहास के चौथे पुरुष खिलाड़ी बने. राफेल नडाल ने अपना पहला आस्ट्रेलियाई ओपन खिताब 2009 में जीता था लेकिन मेलबर्न पार्क में उन्होंने चार फाइनल गंवाए. रविवार को स्पेन के इस खिलाड़ी ने अमेरिकी ओपन चैंपियन मेदवेदेव को हराकर अपना दूसरा आस्ट्रेलियाई ओपन खिताब जीता.  नडाल ने 29 मेजर फाइनल में 21वीं जीत दर्ज की. फेडरर और जोकोविच ने समान 31 बार ग्रैंडस्लैम फाइनल में खेलते हुए समान 20 खिताब जीते हैं. 

दो सेट से पिछड़ने के बाद की वापसी

नडाल की यह जीत इसलिए भी शानदार है क्योंकि वह 2021 के दूसरे हाफ में सिर्फ दो मैच खेलकर आस्ट्रेलिया पहुंचे थे. वह पैर की पुरानी चोट के कारण 2021 के दूसरे हाफ में अधिकांश समय नहीं खेल पाए थे. वह कोविड-19 से भी संक्रमित हुए थे. यह सिर्फ चौथा मौका है जब नडाल ने दो सेट से पिछड़ने के बाद वापसी करते हुए बेस्ट आफ फाइव सेट मुकाबला जीता है. उन्होंने पिछली बार यह कारनामा 2007 में विंबलडन के चौथे दौर में मिखाइल यूज्नी के खिलाफ किया था. नडाल 1965 में रॉय एमर्सन के बाद पहले दो सेट हारने के बाद आस्ट्रेलियाई ओपन फाइनल जीतने वाले पहले खिलाड़ी हैं. 

 

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement