Advertisement

Team India Squad: बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी और अफ्रीका सीरीज के लिए टीम इंडिया का ऐलान, जानें किन-किन धाकड़ खिलाड़ियों की हुई एंट्री और किनकी छुट्टी

Team India Squad For BGT: बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के लिए तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा की सरप्राइज एंट्री हुई है. नीतीश कुमार रेड्डी और हर्षित राणा पहली बार भारत की टेस्ट टीम का हिस्सा बने हैं. अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी एक बार फिर स्क्वॉड में जगह नहीं बना सके हैं.

Team India (File Photo: PTI)
मिथिलेश कुमार सिंह
  • नई दिल्ली,
  • 26 अक्टूबर 2024,
  • अपडेटेड 1:01 AM IST
  • हर्षित राणा और नीतीश रेड्डी पहली बार टेस्ट टीम में शामिल
  • अभिमन्यु ईश्वरन को बैकअप ओपनर के तौर पर टीम में मिली जगह

IND vs AUS: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने शुक्रवार देर रात को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेली जाने वाली T-20 सीरीज और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेली जाने वाली बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी (Border-Gavaskar Trophy) के लिए टीम इंडिया (Team India) की घोषणा कर दी.

दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ चार मैचों की टी-20 सीरीज के लिए बीसीसीआई ने 15 सदस्यीय टीम का चयन किया है जबकि ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पांच टेस्ट मैचों की सीरीज के लिए 18 सदस्यीय भारतीय टीम चुनी गई है. साथ तीन तेज गेंदबाजों को रिजर्व के तौर पर सेलेक्ट किया गया है. इसमें कई नए और हैरान करने वाले नाम हैं. आइए जानते हैं भारतीय टीम में किन-किन धाकड़ खिलाड़ियों की एंट्री हुई और किनकी छुट्टी हो गई है.

अनुभवी और युवा खिलाड़ियों को मौका
बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के लिहाज से बेहद अहम है. इस पांच टेस्ट मैचों की सीरीज के लिए रोहित शर्मा को कप्तान चुना गया है. जसप्रीत बुमराह को उपकप्तान बनाया गया है. ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए चुनी गई भारतीय टीम में अनुभवी और युवा खिलाड़ियों को मौका दिया गया है. घरेलू सर्किट में रन बनाने के बाद अभिमन्यु ईश्वरन को टीम में जगह मिली है. 

अभिमन्यु ईश्वरन को बैकअप ओपनर के तौर पर टीम में जगह मिली है. पहली बार दिल्ली के तेज गेंदबाज हर्षित राणा और आंध्र के ऑलराउंडर नीतीश रेड्डी को टेस्ट टीम में शामिल किया गया है. न्यूजीलैंड शृंखला के लिए चुनी गई टीम में शामिल अक्षर पटेल को बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी से बाहर कर दिया गया है. शार्दुल ठाकुर को भी नहीं चुना गया है. पुणे में चल रहे टेस्ट में 11 विकेट लेने वाले वाशिंगटन सुंदर को भारतीय टीम में शामिल किया गया है. बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के लिए केएल राहुल को टीम में बरकरार रखा गया है. केएल राहुल को पुणे में न्यूजीलैंड के खिलाफ चल रहे तीसरे टेस्ट मैच के लिए प्लेइंग इलेवन से बाहर कर दिया गया था. 

मोहम्मद शमी और कुलदीप यादव को लगा झटका 
भारतीय तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी को एक बार फिर झटका लगा है. उन्हें टेस्ट टीम का हिस्सा नहीं बनाया गया है. फिलहाल ये अनुभवी तेज गेंदबाज सर्जरी से उबर रहे हैं. हाल ही में कप्तान रोहित शर्मा ने कहा था कि वह नहीं चाहते कि शमी इस दौरे पर ऑस्ट्रेलिया आएं. शमी डॉक्टरों और फिजियो के साथ एनसीए (नेशनल क्रिकेट एकेडमी, बेंगलुरु) में हैं.

उधर, भारतीय चाइनामैन गेंदबाज कुलदीप यादव भी टीम से बाहर हो गए हैं. वह ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए चयन के लिए उपलब्ध नहीं थे. कुलदीप यादव न्यूजीलैंड के खिलाफ चल रही टेस्ट सीरीज के खत्म होने के बाद अपनी बाईं कमर की पुरानी समस्या का परमानेंट इलाज चाहते थे, इसलिए उन्हें बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सिलेंस में भेजा जाएगा.

बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के लिए भारत की टीम
रोहित शर्मा (कप्तान), जसप्रीत बुमराह (उपकप्तान), यशस्वी जयसवाल, अभिमन्यु ईश्वरन, शुभमन गिल, विराट कोहली, केएल राहुल, ऋषभ पंत (विकेटकीपकर), सरफराज खान, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), आर अश्विन, आर जडेजा, मोहम्मद सिराज, आकाश दीप, प्रसिद्ध कृष्णा, हर्षित राणा, नीतीश कुमार रेड्डी और वाशिंगटन सुंदर.

रिजर्व: मुकेश कुमार, नवदीप सैनी, खलील अहमद.

साउथ अफ्रीका सीरीज के लिए सूर्यकुमार यादव संभालेंगे कमान 
भारत की टी-20 टीम साउथ अफ्रीका के खिलाफ अगले महीने यानी नवंबर में 4 मैचों की टी-20 सीरीज खेलेगी. पहला टी-20 मैच 8 नवंबर को डरबन में खेला जाएगा. इस सीरीज के लिए भी भारतीय टीम का ऐलान कर दिया गया है. सूर्यकुमार यादव को कप्तान बनाया गया है.

दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टी-20 शृंखला के लिए कर्नाटक के तेज गेंदबाज विजयकुमार वैश्य और पंजाब के बल्लेबाज रमनदीप सिंह को शामिल किया गया है. तेज गेंदबाज मयंक यादव को टीम में शामिल नहीं किया गया है. वह फिर से चोटिल हो गए हैं. रिहैबिलिटेशन के लिए ‘सेंटर ऑफ एक्सीलेंस’ में हैं. टी-20 सीरीज के लिए शिवम दुबे को भी शामिल नहीं किया गया है. रियान पराग भी इंजरी के चलते चयन के लिए उपलब्ध नहीं थे.

दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टी-20 सीरीज के लिए भारत की टीम 
सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), रिंकू सिंह, तिलक वर्मा, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), हार्दिक पंड्या, अक्षर पटेल, रमनदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती, रवि बिश्नोई, अर्शदीप सिंह, विजयकुमार वैश्य, अवेश खान और यश दयाल.

भारतीय टीम का ऑस्ट्रेलिया दौरा 
1. पहला टेस्ट: 22-26 नवंबर, पर्थ 
2. दूसरा टेस्ट: 6-10 दिसंबर, एडिलेड 
3. तीसरा टेस्ट: 14-18 दिसंबर, ब्रिस्बेन 
4. चौथा टेस्ट: 26-30 दिसंबर, मेलबर्न
5. पांचवा टेस्ट: 03-07 जनवरी, सिडनी

भारतीय टीम का साउथ अफ्रीका दौरे का शेड्यूल 
1. 8 नवंबर: पहला टी-20, डरबन 
2. 10 नवंबर: दूसरा टी-20, गकेबरहा 
3. 13 नवंबर: तीसरा टी-20, सेंचुरियन 
4. 15 नवंबर: चौथा टी-20, जोहानिसबर्ग


 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement