मुंबई ने टॉस जीत कर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया. चेन्नई सुपर किंग्स को पहले बल्लेबाजी करने का मौका मिला. जिसमें चेन्नई ने 20 ओवर में 6 विकेट पर 207 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया. टीम की ओर से संजू सैमसन ने नाबाद 101 रन की शानदार पारी खेली. उन्होंने 54 गेंदों में 10 चौके और 6 छक्के जड़ते हुए मुंबई के गेंदबाजों पर लगातार दबाव बनाए रखा. उनकी यह पारी CSK की जीत की सबसे बड़ी वजह बनी.
लक्ष्य का पीछा करते हुए बिखरी मुंबई
208 रनों के बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई इंडियंस की शुरुआत अच्छी नहीं रही. टीम लगातार अंतराल पर विकेट गंवाती रही और पूरी टीम 19 ओवर में सिर्फ 104 रन पर सिमट गई. 11 रन पर ही टीम की 3 विकेट गिर चुकी थी. शुरू से अंदाजा लग गया था कि टीम बहुत मुश्किल से 100 रनों का आंकड़ा पार कर पाएगी. मुंबई की ओर से तिलक वर्मा ने 37 रन और सूर्यकुमार यादव ने 36 रन बनाकर कुछ संघर्ष जरूर किया, लेकिन बाकी बल्लेबाज बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे.
गेंदबाजों ने भी दिखाया दम
चेन्नई के गेंदबाजों ने भी शानदार प्रदर्शन किया. अकील हुसैन ने 4 ओवर में सिर्फ 17 रन देकर 4 विकेट अपने नाम किए, जिससे मुंबई की बल्लेबाजी पूरी तरह दबाव में आ गई. वहीं नूर अहमद ने भी 2 अहम विकेट लेकर टीम की जीत को और आसान बना दिया.
चेन्नई की बड़ी जीत
यह जीत मुंबई इंडियंस के खिलाफ रनों के अंतर से CSK की सबसे बड़ी जीतों में से एक मानी जा रही है. साथ ही, संजू सैमसन CSK के लिए मुंबई के खिलाफ शतक लगाने वाले पहले खिलाड़ी बन गए. सैमसन की इस बेहतरीन पारी ने चेन्नई सुपर किंग्स को मजबूत स्थिति में पहुंचाने के साथ-साथ एक बड़ा रिकॉर्ड भी उनके नाम कर दिया है. 101 रन की इस पारी के दम पर उन्होंने मुंबई इंडियंस के खिलाफ आईपीएल में CSK के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है.
इससे पहले यह रिकॉर्ड ऋतुराज गायकवाड़ के नाम दर्ज था. गायकवाड़ ने 19 सितंबर 2021 को दुबई में मुंबई इंडियंस के खिलाफ नाबाद 88 रन की शानदार पारी खेली थी. अब संजू सैमसन ने 101 रन बनाकर उस रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है.
ये भी पढ़ें