IPL 2026 LSG vs GT: गुजरात ने लखनऊ को होम ग्राउंड पर रौंदा, 7 विकेट से की जीत हासिल.. 20 ओवर से पहले ही किया गेम खत्म

दोनों टीमों के बीच अब तक कुल 8 मुकाबले खेले जा चुके हैं, जिनमें गुजरात टाइटन्स ने 5 बार जीत दर्ज की है, जबकि लखनऊ को 3 मैचों में सफलता मिली है.

IPL 2026 Gujrat Titans Defeat Lucknow Super Giants
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 12 अप्रैल 2026,
  • अपडेटेड 11:01 PM IST

आईपीएल 2026 के 19वें मुकाबले में लखनऊ सुपर जाइंट्स और गुजरात टाइटंस के बीच रोमांचक भिड़ंत देखने को मिली. यह मैच लखनऊ के भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेला गया, जहां गुजरात टाइटंस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 7 विकेट से जीत दर्ज की. लखनऊ द्वारा दिए गए 165 रनों के लक्ष्य को गुजरात ने 18.4 ओवर में आसानी से हासिल कर लिया. इस जीत के साथ गुजरात की चार मैचों में दूसरी जीत दर्ज हुई, जबकि लखनऊ को इतने ही मैचों में दूसरी हार का सामना करना पड़ा.

इस सीजन में दोनों टीमों का प्रदर्शन अब तक उतार-चढ़ाव भरा रहा है. गुजरात टाइटंस को पहले पंजाब किंग्स और राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ हार झेलनी पड़ी थी, जबकि दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ उसने रोमांचक मुकाबले में जीत हासिल की थी. वहीं लखनऊ सुपर जाइंट्स को दिल्ली से हार मिली, लेकिन उसने सनराइज्स हैदराबाद और कोलकाता नाइट राइडर्स को हराकर वापसी की थी.

गिल और बटलर की दिखी शानदार साझेदारी
लक्ष्य का पीछा करते हुए गुजरात की शुरुआत कुछ खास नहीं रही और साई सुदर्शन जल्दी आउट हो गए. इसके बाद कप्तान सुभम गिल और जोस बटलर ने पारी को संभाला. दोनों के बीच 58 गेंदों में 84 रनों की मजबूत साझेदारी हुई. गिल ने 40 गेंदों पर 56 रन बनाए, जिसमें 6 चौके और 1 छक्का शामिल था. वहीं बटलर ने 37 गेंदों पर 60 रन ठोके और 11 चौकों से दर्शकों का मनोरंजन किया. आखिर में वॉशिंगटन सुंदर (नाबाद 21) और राहुल तेवतिया (नाबाद 10) ने टीम को जीत तक पहुंचाया.

लखनऊ की कमजोर बल्लेबाजी बनी हार की वजह
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए लखनऊ सुपर जाइंट्स ने 8 विकेट पर 164 रन बनाए. शुरुआत से ही टीम दबाव में नजर आई. मिचेल मार्श जल्दी आउट हो गए, जबकि कप्तान ऋशभ पंत भी अच्छी शुरुआत को बड़ी पारी में नहीं बदल सके. एडन मार्करैम ने 30 रन जरूर बनाए, लेकिन बाकी बल्लेबाज टिक नहीं सके. निकोलस पूरन और आयुष बदोनी जैसे खिलाड़ी भी निराशाजनक प्रदर्शन कर गए, जिससे टीम बड़ा स्कोर खड़ा नहीं कर सकी.

गेंदबाजी में प्रसिद्ध कृष्णा का जलवा
गुजरात की ओर से प्रसिध कृष्ण ने शानदार गेंदबाजी करते हुए चार विकेट झटके और मैच के हीरो बने. वहीं अशोक शर्मा ने दो विकेट हासिल किए, जबकि कसिगो रबाड़ा और मोहम्मद सिराज को एक-एक सफलता मिली.

हेड-टू-हेड में गुजरात आगे
दोनों टीमों के बीच अब तक कुल 8 मुकाबले खेले जा चुके हैं, जिनमें गुजरात टाइटन्स ने 5 बार जीत दर्ज की है, जबकि लखनऊ को 3 मैचों में सफलता मिली है. हालांकि पिछले सीजन में लखनऊ ने दोनों मैच अपने नाम किए थे, लेकिन इस बार गुजरात ने वापसी करते हुए अपनी पकड़ मजबूत कर ली है.

गुजरात टाइटंस की प्लेइंग-11: शुभमन गिल (कप्तान), साई सुदर्शन, जोस बटलर (विकेटकीपर), वॉशिंगटन सुंदर, ग्लेन फिलिप्स, राहुल तेवतिया, राशिद खान, कगिसो रबाडा, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा और अशोक शर्मा.

लखनऊ सुपर जाइंट्स की प्लेइंग-11: मिचेल मार्श, एडन मार्करम, ऋषभ पंत (विकेटकीपर/कप्तान), आयुष बदोनी, निकोलस पूरन, अब्दुल समद, मुकुल चौधरी, आवेश खान, मोहम्मद शमी, दिग्वेश सिंह राठी और प्रिंस यादव.
 

Read more!

RECOMMENDED