क्रिकेट वर्ल्ड में टीम इंडिया का पहला मुकाबला 8 अक्टूबर को होना है. इस बीच खबर है कि शुभमन गिल बीमार हो गए हैं. ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ उनके मैच खेलने की संभावना कम है. बीमार होने की वजह से क्रिकेट मैच से हटने की कई घटनाएं हुई हैं. कई घटनाएं यादगार भी है. ऐसा ही एक मैच साल 1996 वर्ल्ड कप में हुआ था. जिसमें पाकिस्तान के कप्तान वसीम अकरम बीमार पड़ गए थे और कप्तानी आमिर सोहेल की सौंपी गई थी. लेकिन मैच के अहम पलों में दबाव नहीं झेल पाए और पाकिस्तान को भारत के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था.
मैच से पहले वसीम अकरम पड़े बीमार-
साल 1996 का वर्ल्ड कप चल रहा था. 9 मार्च को बेंगलुरु में क्वार्टर फाइनल का मैच भारत और पाकिस्तान के बीच खेला जाना था. दोनों टीमें इसके लिए पूरी तरह से तैयार थीं. लेकिन मैच के ठीक पहले पाकिस्तान को बड़ा झटका लगा. पाकिस्तान के कप्तान वसीम अकरम बीमार पड़ गए. जिसकी वजह से उनको प्लेइंग इलेवन से बाहर रहना पड़ा. इस मैच में पाकिस्तान की कप्तानी की जिम्मेदारी उपकप्तान आमिर सोहेल को दी गई. लेकिन इस मैच में पाकिस्तान को वसीम अकरम की गैरमौजूदगी का नुकसान उठाना पड़ा था.
सोहेल ने अहम क्षणों में की गलती-
आमिर सोहेल की अगुवाई में पाकिस्तान की टीम मैदान पर उतरी. मैच के अहम क्षणों में सोहेल ने बेवजह अग्रेशन दिखाया. जिसका खामियाजा सोहेल के साथ पाकिस्तान को भी उठाना पड़ा था. बेवजह अग्रेशन की वजह से सोहेल का ध्यान भटका और वो आउट हो गए. अहम वक्त पर सोहेल का विकेट खोना पाकिस्तान की हार की बड़ी वजह बनी.
सिद्धू ने खेली थी शानदार पारी-
भारतीय टीम के ओपनर नवजोत सिंह सिद्धू ने शानदार पारी खेली थी. उन्होंने 93 रन बनाए थे. इस पारी के लिए उन्होंने 115 गेंदों का सामना किया था और 11 चौके लगाए थे. सचिन इस मैच में 31 रन बनाकर आउट हुए थे. संजय मांजरेकर 20 रन, कप्तान अजहरुद्दीन 27 रन, विनोद कांबली 24 रन और अजय जडेजा ने 45 रनों की पारी खेली थी. जडेजा ने 25 गेंदों में खेली गई इस पारी में 4 चौके और 2 छक्के लगाए थे. टीम इंडिया ने 50 ओवर में 8 विकेट पर 287 रन का स्कोर खड़ा किया था.
39 रनों से पाकिस्तान को मिली थी हार-
288 रन के टारगेट का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की टीम को कप्तान आमिर सोहेल और सईद अनवर ने पहले विकेट के लिए बेहतरीन साझेदारी की. दोनों खिलाड़ियों ने 84 रनों की साझेदारी की. लेकिन सईद अनवर 48 रन बनाकर आउट हो गए. जबकि आमिर सोहेल ने शानदार 55 रन की पारी खेली. लेकिन बेवजह अग्रेशन दिखाने के चक्कर आउट हो गए. पाकिस्तान की तरफ से सलीम मलिक और जावेद मियांदाद ने 38-38 रनों की पारी खेली थी. जबकि राशिद लतीफ 26 रन बनाकर आउट हुए थे. पाकिस्तान की पूरी टीम 49 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 248 रन ही बना सकी और इस तरह से 39 रनों में मुकाबला हार गई.
(गुड न्यूज टुडे चैनल को WhatsApp पर फॉलो करें)
ये भी पढ़ें: