आईसीसी मेन्स अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में भारत ने इंग्लैंड 100 रनों से हराकर खिताब पर कब्जा किया है. भारत ने 411 रन का एक विशाल स्कोर खड़ा किया था. जिसके सामने इंग्लैंड की टीम पूरी तरह से लाचार नजर आई. टारगेट का पीछा करते हुए इंग्लैंड की टीम 40.2 ओवरों में 311 रनों पर सिमट गई. भारत की तरफ से वैभव सूर्यवंशी ने 175 रनों की धमाकेदार पारी खेली.
भरभराई इंग्लैंड की पारी-
411 रन के बड़े स्कोर का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की टीम शुरुआत से ही दबाव में नजर आई. इंग्लैंड का पहला विकेट सिर्फ 19 रन के स्कोर पर गिर गया. जबकि दूसरा विकेट 93 रन पर गिरा. तीसरे विकेट के लिए एक छोटी, लेकिन अच्छी साझेदारी हुई. हालांकि तीसरा विकेट 143 रन पर गिर गया. अगला तीन विकेट जल्दी-जल्दी गिरा. 174 रन पर दो विकेट गिरे. इसके बाद 177 रन के कुल स्कोर पर फिर से 2 विकेट गिरे. इस तरह से इंग्लैंड की टीम हार की तरफ बढ़ने लगी. हालांकि 8वें विकेट के लिए एक ठीक-ठाक साझेदारी हुई. लेकिन भारत के बड़े स्कोर सामने ये काफी नहीं था. इंग्लैंड का 8वां विकेट 269 रन के स्कोर पर गिरा. इसके साथ ही इंग्लैंड की हार तय हो गई. इंग्लैंड का 9वां विकेट 281 रन के स्कोर पर गिरा.
भारत ने खड़ा किया बड़ा स्कोर-
भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया. भारत ने 411 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया. टीम इंडिया की तरफ से वैभव सूर्यवंशी ने शानदार 175 रनों की पारी खेली. इस दौरान वैभव सूर्यवंशी ने 15 छक्के और 15 चौके लगाए. सूर्यवंशी ने अपनी पारी के दौरान सिर्फ 80 गेंदों का सामना किया.
वैभव सूर्यवंशी के अलावा भारत की तरफ से कप्तान आयुष म्हात्रे ने 53 रनों की पारी खेली. उन्होंने 2 छक्के और 7 चौके लगाए. आयुष ने इस दौरान 51 गेंदों का सामना किया. इस मैच में अभिज्ञान कुंडू ने 40 रन बनाए. उन्होंने 31 गेंदों का सामना किया और एक छक्का और 6 चौके लगाए. विहान मल्होत्रा ने 30 रन, वेदांत त्रिवेदी ने 32 रन और कनिष्क चौहान ने शानदार 37 रन बनाए. कनिष्क ने इस पारी के दौरान एक छक्का और 3 चौके लगाए. उन्होंने सिर्फ 20 गेंदो का सामना किया.
ये भी पढ़ें: