Advertisement

World Cup 2023: होटल और एयरपोर्ट पार्किंग फुल, VVIP जमावड़ा, भव्य कार्यक्रम... India-Pakistan Match के दौरान Ahmedabad का ऐसा होगा नजारा

वर्ल्ड कप 2023 में 14 अक्टूबर को अहमदाबाद में भारत और पाकिस्तान के बीच मैच खेला जाएगा. इसके लिए विशेष तैयारी की गई है. शहर के सारे होटल फुल हो गए हैं. फैंस को ठहरने के लिए जगह नहीं मिल रही है. क्रिकेट फैंस अस्पताल तक में जगह तलाश रहे हैं. हालांकि फैंस को ऐसा करने से रोका जा रहा है. इस हाईवोल्टेज मैच से पहले भव्य कार्यक्रम का आयोजन होगा.

gnttv.com
  • अहमदाबाद,
  • 13 अक्टूबर 2023,
  • अपडेटेड 12:10 PM IST

भारत और पाकिस्तान के बीच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में शनिवार को क्रिकेट का महामुकाबला होना है. इस हाई वोल्टेज मैच को देखने के लिए कुछ क्रिकेट फैंस हेल्थ चेकअप के जरिए नरेंद्र मोदी स्टेडियम के करीब अहमदाबाद के अस्पतालों में रुकने का इंतजाम किया है.

अस्पताल में जगह तलाश रहे फैंस-
अहमदाबाद मेडिकल एसोसिएशन के प्रेसिडेंट डॉक्टर तुषार पटेल ने कहा कि 14 अक्तूबर को अहमदाबाद में मैच है. ऐसे में अहमदाबाद में होटल के रेट कई गुना बढ़ गए हैं. जिसकी वजह से कुछ दर्शकों ने अपने रुकने का इंतजाम अस्पताल में किया है. ये वो दर्शक हैं, जो सुबह अहमदाबाद में आएंगे और अस्पताल में हेल्थ चेकअप करवाकर दोपहर तक मैच देखने नरेंद्र मोदी स्टेडियम पहुंचेंगे. मैच खत्म होने के बाद वापिस अस्पताल में रात्रि के दौरान रुकेंगे.
दर्शकों को हेल्थ चेकअप के चलते रात को रुकने की व्यवस्था किए जाने की खबर सामने आने के बाद अहमदाबाद हॉस्पिटल एंड नर्सिंग होम्स एसोसिएशन के प्रेसिडेंट डॉक्टर भरत गढवी ने कहा है कि किसी भी अस्पताल में मैच देखने आने वाले दर्शकों के लिए रुकने की व्यवस्था करना ठीक नहीं है. अस्पताल मरीजों के इलाज के लिए है. तो किसी भी हॉस्पिटल की तरफ से मैच देखने आने वाले दर्शकों के लिए रुकने का इंतजाम ना किया जाए.

विदेशी दर्शकों का भी जमावड़ा-
भारत-पाकिस्तान की मैच को लेकर दशकों में काफी उत्साह देखा जा रहा है. इस मैच को देखने के लिए अहमदाबाद के अलावा गुजरात समेत अन्य राज्यों से भी बड़ी संख्या में दर्शक स्टेडियम पहुंचेंगे. विदेश से भी दर्शक भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले मैच को देखने के लिए अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम तक पहुंचने वाले हैं. भारत-पाकिस्तान के बीच हाई वोल्टेज मैच को देखने के लिए VVIP का भी अहमदाबाद में आगमन होगा. मैच के दौरान 100 चार्टर्ड प्लेन से VVIP अहमदाबाद पहुंचेंगे. अहमदाबाद एयरपोर्ट के अलावा बडौदा, सूरत एयरपोर्ट की पार्किंग फुल हो चुकी है. जिसके बाद राजकोट और इंदौर एयरपोर्ट की पार्किंग का भी इस्तेमाल किया जा रहा है.

मैच से पहले भव्य कार्यक्रम का आयोजन-
अहमदाबाद में होने वाले महा मुकाबलें को देखने के लिए कई फिल्मी हस्तियां भी मैदान में पहुचेंगी. जिसमें अमिताभ बच्चन, रणबीर कपूर, सचिन तेंदुलकर, रजनीकांत, आकाश अंबानी, आदर पूनावाला समेत कई हस्तियों के नाम सामने आ रहे हैं. इस मैच के लिए सुबह 10 बजे से नरेंद्र मोदी स्टेडियम के दरवाजे दर्शकों के लिए खोल दिए जाएंगे. दोपहर को 12:30 बजे मैदान में मनोरंजन कार्यक्रम का आयोजन किया गया है. 12:30 बजे मैदान में आयोजित मनोरंजन कार्यक्रम के लिए अरिजीत सिंघ सुखविंदर सिंघ और शंकर महादेवन के संगीत पर मैदान में उपस्थित 1.30 लाख दर्शक झूमते हुए दिखाई पड़ेंगे. जिसके बाद 1:30 बजे टॉस होगा और 2 बजे से भारत-पाकिस्तान क्रिकेट मैच शुरू होगा.

स्टेडियम में क्या-क्या ले जाने की इजाजत-
भारत-पाकिस्तान क्रिकेट मैच देखने के लिए नरेंद्र मोदी स्टेडियम में पहुंचने वाले दर्शकों के लिए गुजरात क्रिकेट एसोसिएशन की तरफ से एक विशेष गाइडलाइंस जारी की गई है. जिसके तहत दर्शन टिकट, मोबाइल, चश्मा, कैप, दवा, लकड़ी बगैर का झंडा लेकर गेट के अंदर मैदान में प्रवेश कर पाएंगे. दर्शकों को किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स, पटाखे, पानी की बोतल, लैपटॉप, आईपैड, इलेक्ट्रिक सिगरेट, सॉफ्ट ड्रिंक, माचिस, लाइटर, छतरी, हेलमेट, पावर बैंक, सेल्फी स्टिक को लेकर जाने की परमिशन नहीं रहेगी.

सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम-
दर्शकों की सुविधा के लिए मैदान के करीब 15 पार्किंग प्लॉट बनाए गए हैं. जिसके लिए पहले से ही ऑनलाइन बुकिंग करवाने की सूचना दी गई है. अहमदाबाद में चलने वाली मेट्रो और बीआरटीएस सुविधाओं की फ्रीक्वेंसी मैच के दौरान बढ़ाई गई है. रात को 1:30 बजे तक सारी सुविधाएं लगातार चलती रहेगी. अहमदाबाद पुलिस ने भी हाई वोल्टेज मैच को लेकर विशेष तैयारी की है. 7000 सुरक्षाकर्मी मैदान के अंदर और बाहर तैनात रहेंगे. एनएसजी और RAF सहित केंद्रीय पुलिस बल भी मैदान में तैनात रहेंगे. ड्रोन से भी विशेष निगरानी रखी जाएगी.
(अहमदाबाद से अतुल तिवारी की रिपोर्ट)

ये भी पढ़ें:

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement