India vs England (IND vs ENG) 2nd ODI Live Streaming: भारतीय टीम अब दूसरे वनडे मैच में इंग्लैंड से भिड़ने के लिए तैयार है. टीम इंडिया ने कप्तान शुभमन गिल के नेतृत्व में शानदार प्रदर्शन करते हुए पहले वनडे मुकाबले में इंग्लैंड को 6 विकेट से हराया था. इसके साथ ही भारत ने तीन मैचों की वनडे सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली थी. अब टीम इंडिया दूसरा मैच जीतते ही वनडे सीरीज को अपने नाम कर लेगी. इस जीत के साथ भारत टी-20 में हार का बदला इंग्लैंड से ले लेगा.
इंग्लैंड के खिलाफ वनडे में भारत के धांसू रिकॉर्ड को देखते हुए कहा जा सकता है कि भारत की जीत पक्की है. उधर, इंग्लैंड के लिए यह मैच करो या मरो जैसा है. आपको मालूम हो कि इंग्लैंड के खिलाफ पहले वनडे मैच में कप्तान शुभमन गिल ने 80 रन बनाए थे. मांसपेशियों में खिंचाव के कारण उन्हें रिटायर्ड हर्ट होना पड़ा. अक्षर पटेल ने ऑलराउंड खेल दिखाया था. पटेल ने 4 विकेट लेने के बाद नाबाद 57 रन की पारी खेली थी. वाशिंगटन सुंदर ने अपना पहला वनडे अर्धशतक पूरा किया था. इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 47.5 ओवर में 258 रन बनाए थे. जवाब में भारत ने 45.2 ओवर में 4 विकेट पर 262 रन बनाकर मैच छह विकेट से अपने नाम कर लिया था.
रोहित शर्मा और विराट कोहली को बल्ले से दिखाना होगा दम
आपको मालूम हो कि टीम प्रबंधन और क्रिकेट प्रेमियों की नजरें इस दूसरे मैच में रोहित शर्मा और विराट कोहली पर रहेगी. पहले मैच में टीम इंडिया के ये दोनों धाकड़ बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सके थे. रोहित शर्मा 21 गेंदों में सिर्फ 11 रन बनाकर आउट हुए थे. विराट कोहली 6 गेंदों में सिर्फ 5 रन बनाकर चलते बने. इन दोनों बल्लेबाज का बल्ला सोफिया गार्डेंस में चला तो भारत की जीत पक्की है.
इंग्लैंड के खिलाफ शानदार है भारत का रिकॉर्ड
1. भारत और इंग्लैंड के बीच अब तक कुल 111 वनडे मैच खेले गए हैं.
2. भारत 62 मैचों में जीत दर्ज कर चुका है.
3. इंग्लैंड को 44 मैचों में जीत मिली है.
4. दोनों देशों के बीच 2 मैच टाई रहे हैं.
5. 3 मुकाबलों का नतीजा नहीं निकल सका है.
कार्डिफ में दोनों टीमों के बीच बराबरी का है रिकॉर्ड
कार्डिफ के सोफिया गार्डेंस पर वनडे मैच में भारत और इंग्लैंड के बीच बराबरी का रिकॉर्ड है. इस मैदान पर दोनों देशों के बीच कुल 2 वनडे मैच खेले गए हैं. इसमें भारत को एक मैच में जबकि इंग्लैंड को भी एक मैच में जीत मिली है. सोफिया गार्डेंस में सीम बॉलिंग को मदद मिलती है. ऐसे में टीम इंडिया अतिरिक्त तेज गति चाहती है तो अर्शदीप सिंह एक विकल्प हो सकते हैं.
कब और कहां होगा भारत और इंग्लैंड के बीच दूसरा वनडे मुकाबला
भारत और इंग्लैंड के बीच दूसरा वनडे मैच 16 जुलाई को खेला जाएगा. भारत और इंग्लैंड के बीच दूसरा वनडे मैच कार्डिफ के सोफिया गार्डेंस में खेला जाएगा. यह मैच भारतीय समयानुसार शाम 5:30 बजे से खेला जाएगा. टॉस मैच शुरू होने से आधा घंटे पहले यानी शाम 5:00 बजे होगा.
आप कहां देख सकते हैं मैच
भारत और इंग्लैंड के बीच वनडे सीरीज का प्रसारण अधिकार सोनी स्पोर्ट्स के पास है और दर्शक इसके मुकाबले सोनी के स्पोर्ट्स के चैनलों पर देख सकेंगे. इसके अलावा मैच की लाइव स्ट्रीमिंग जियोस्टार एप पर होगी.
दूसरे वनडे मैच के लिए दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग-11
भारत: शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, वाशिंगटन सुंदर, केएल राहुल (विकेटकीपर), अक्षर पटेल, शिवम दुबे, गुरनूर बरार/अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह, प्रसिद्ध कृष्णा.
इंग्लैंड: हैरी ब्रूक (कप्तान), जैकब बैथेल, बेन डकेट, जो रूट, जोस बटलर (विकेटकीपर), सैम करन, विल जैक्स, लियाम डॉसन, जोफ्रा आर्चर, आदिल राशिद, जोश टंग.