Advertisement

IND vs SL 2nd Test Series: टीम इंडिया कोलंबो में श्रीलंका का सूपड़ा करेगी साफ! सिंहली स्पोर्ट्स क्लब मैदान पर कैसा है रिकॉर्ड, जानें दूसरे टेस्ट में बल्लेबाज या गेंदबाज किसे मिल सकता है फायदा?

भारत और श्रीलंका के बीच 23 अगस्त 2026 से दूसरा और आखिर टेस्ट मैच कोलंबो में खेला जाना है. भारत ने कोलंबो के सिंहली स्पोर्ट्स क्लब मैदान पर अभी तक कुल 9 टेस्ट मैच खेले हैं. यहां आप जान सकते हैं भारत का इस मैदान पर जीत का रिकॉर्ड कैसा है और पिच का मिजाज क्या रह सकता है?

Team India (Photo: PTI)
मिथिलेश कुमार सिंह
  • नई दिल्ली,
  • 21 अगस्त 2026,
  • अपडेटेड 1:14 PM IST

भारतीय क्रिकेट टीम दो मैचों की टेस्ट सीरीज खेलने के लिए श्रीलंका गई हुई है. पहला टेस्ट मैच टीम इंडिया ने 165 रनों से जीता लिया है. इस तरह से भारतीय टीम सीरीज  में 1-0 से आगे है. अब 23 अगस्त 2026 से दूसरा और आखिर टेस्ट मैच कोलंबो में सिंहली स्पोर्ट्स क्लब (SSC) मैदान पर खेला जाना है. शुभमन गिल की कप्तानी वाली भारतीय टीम का इरादा कोलंबो के मैदान पर श्रीलंका का सूपड़ा करने का है. यहां आप जान सकते हैं कोलंबो में भारत का जीत का रिकॉर्ड कैसा है और पिच का मिजाज क्या रह सकता है? आपको मालूम हो कि श्रीलंका से टेस्ट सीरीज जीतकर भारत वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (ICC WTC 2025-27) के फाइनल में पहुंचने की अपनी उम्मीदों को जिंदा रख सकता है. 

इतने टेस्ट मैचों में भारत को मिल चुकी है जीत 
भारतीय टीम ने कोलंबो के सिंहली स्पोर्ट्स क्लब मैदान पर साल 1985 से लेकर अब तक कुल 9 टेस्ट मैच खेले हैं. 9 टेस्ट मैचों में से भारत को 3 में जीत मिली है. 2 मुकाबलों में भारतीय टीम को हार का सामना करना पड़ा है. 4 टेस्ट मैचों ड्रॉ रहा है. आपको मालूम हो कि इस ग्राउंड पर खेले गए आखिरी टेस्ट में भारतीय टीम का शानदार प्रदर्शन रहा था. श्रीलंका की टीम इस मैदान पर 1999 से 2009 के बीच कुल 12 टेस्ट मैच खेली थी, जिसमें से 6 में जीत दर्ज की और बचे 6 मुकाबले ड्रॉ रहे थे. 

जब भारत ने श्रीलंका को फॉलोऑन खेलने पर किया था मजबूर 
विराट कोहली की कप्तानी में साल 2017 में सिंहली स्पोर्ट्स क्लब मैदान पर खेले गए टेस्ट मैच में भारतीय टीम ने श्रीलंका को एक पारी और 53 रनों से हराया था. इस टेस्ट मैच में टीम इंडिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 622 रन बनाकर पहली पारी घोषित की थी. भारत ने श्रीलंका को फॉलोऑन खेलने पर भी मजबूर किया था. रवींद्र जडेजा ने इस टेस्ट मैच में कुल 7 विकेट चटकाए थे. इतना ही नहीं उन्होंने नाबाद अर्धशतकीय पारी भी खेली थी. रवींद्र जडेजा इस बार भी भारतीय टीम के साथ हैं. ऐसे में उनसे एक बार फिर 9 साल पुराना प्रदर्शन दोहराने की उम्मीद है.

कोलंबो की पिच का मिजाज 
सिन्हलीज स्पोर्ट्स क्लब मैदान की पिच गॉल की पिच जैसी हो सकती है. गॉल में खेले गए पहले टेस्ट मैच में बल्लेबाजों और गेंदबाजों दोनों को बराबर मौके मिले थे. श्रीलंकाई अधिकारियों के मुताबिक दूसरे टेस्ट के लिए जरूरत से ज्यादा स्पिन की मददगार पिच तैयार करना उलटा पड़ सकता है. श्रीलंका क्रिकेट (एसएलसी) के एक अधिकारी के अनुसार फिलहाल सोच यही है कि गॉल जैसी संतुलित पिच तैयार की जाए.आपको मालूम हो कि कोलंबो में बल्लेबाजों का दबदबा रहता है. सिन्हलीज स्पोर्ट्स क्लब मैदान घरेलू टीम का एक तरह का गढ़ माना जाता था. इस मैदान पर टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम फायदे में रह सकती है. 


 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement