Advertisement

WTC Final: वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल के लिए टीम इंडिया का ऐलान, अजिंक्य रहाणे की वापसी, इन खिलाड़ियों को मिली जगह और ये हुए बाहर

BCCI ने WTC 2023 के फाइनल के लिए भारतीय टीम का ऐलान कर दिया है. फाइनल के लिए 15 सदस्‍यीय भारतीय टीम की घोषणा हुई है. रोहित शर्मा टीम की कप्‍तानी करेंगे. अजिंक्‍य रहाणे की टीम में वापसी हुई है. 

रोहित शर्मा और अजिंक्य रहाणे (फाइल फोटो)
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 25 अप्रैल 2023,
  • अपडेटेड 2:22 PM IST
  • रोहित शर्मा करेंगे कप्तानी, उप-कप्‍तान के नाम की अभी नहीं हुई है घोषणा 
  • लंदन के द ओवल मैदान पर खेला जाएगा फाइनल मैच

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने मंगलवार को वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2023 फाइनल (WTC 2023) के लिए टीम इंडिया का ऐलान कर दिया है. आईपीएल में शानदार प्रदर्शन कर रहे अनुभवी बल्‍लेबाज अजिंक्‍य रहाणे की टीम में वापसी हुई है. फाइनल के लिए 15 सदस्‍यीय भारतीय टीम की घोषणा हुई है. रोहित शर्मा टीम की कप्‍तानी करेंगे. उप-कप्‍तान के नाम की घोषणा अभी नहीं हुई है. भारत और ऑस्‍ट्रेलिया के बीच 7 से 11 जून 2023 तक डब्‍ल्‍यूटीसी फाइनल लंदन के द ओवल मैदान पर खेला जाएगा. 12 जून रिजर्व-डे रखा गया है. 

रोहित शर्मा और शुभमन गिल को ओपनर की जिम्मेदारी
कप्‍तान रोहित शर्मा और शुभमन ओपनर बल्लेबाज की जिम्‍मेदारी उठाते हुए दिखेंगे. मिडिल ऑर्डर में अजिंक्‍य रहाणे की वापसी हुई है जबकि सूर्यकुमार यादव को बाहर का रास्‍ता दिखाया गया है. श्रेयस अय्यर चोटिल होने के कारण पहले ही डब्‍ल्‍यूटीसी फाइनल से बाहर हो गए थे. विकेटकीपर की जिम्‍मेदारी केएस भरत निभाएंगे. रविचंद्रन अश्विन, रवींद्र जडेजा और अक्षर पटेल पर स्पिन विभाग की जिम्‍मेदारी होगी. तेज गेंदबाजी आक्रमण की कमान मोहम्‍मद शमी, मोहम्‍मद सिराज, उमेश यादव और जयदेव उनादकट के कंधों पर होगी.

सूर्या के साथ ये खिलाड़ी भी बाहर
सूर्यकुमार यादव को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पिछली टेस्ट सीरीज में शामिल किया गया था. लेकिन इस बार कंगारू टीम के खिलाफ तीसरे और चौथे टेस्ट के लिए चुने गए खिलाड़ियों में सूर्यकुमार के अलावा कुलदीप यादव और ईशान किशन भी टीम में नहीं हैं. उधर, श्रेयस अय्यर चोट के कारण लंबे समय से क्रिकेट से दूर हैं.

शानदार फॉर्म में चल रहे रहाणे
अजिंक्य रहाणे को चोटिल श्रेयस अय्यर की जगह टीम में शामिल किया गया है. राहणे ने रणजी ट्रॉफी के पिछले सीजन में शानदार प्रदर्शन किया था. मुंबई के लिए दो शतकों की मदद से 57.63 की औसत से 634 रन बनाए थे. इसके अलावा वह मौजूदा आईपीएल सीजन में भी शानदार फॉर्म में चल रहे हैं, जिसका इनाम उन्हें मिला है. रहाणे ने अपना आखिरी टेस्ट मैच 11 जनवरी 2022 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ खेला था. उस मैच के बाद उन्हें टीम से बाहर कर दिया गया था. 

भारत की ये है टेस्ट टीम
रोहित शर्मा (कप्तान), शुभमन गिल, चेतेश्वर पुजारा, विराट कोहली, अजिंक्य रहाणे, केएल राहुल, केएस भरत (विकेटकीपर), रविचंद्रन अश्विन, रवींद्र जडेजा, अक्षर पटेल, शार्दूल ठाकुर, मोहम्मद शमी, मोहम्मद सिराज, उमेश यादव, जयदेव उनादकट.

टीम इंडिया दूसरी बार पहुंची है फाइनल में 
भारतीय टीम लगातार दूसरी बार विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में पहुंची है. उसे पिछली बार 2021 में खिताबी मुकाबले में न्यूजीलैंड के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था. टीम इंडिया ने टेस्ट चैंपियनशिप के 2021-23 सीजन में शानदार प्रदर्शन किया. वह ऑस्ट्रेलिया के बाद अंक तालिका में दूसरे स्थान पर रही.

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement